न्यूज डेस्क: प्रभु राम की नगरी अयोध्या में बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन अपने पिता और प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. हरिवंशराय बच्चन की स्मृति में धर्मशाला बनाने जा रहे हैं। इसके लिए अयोध्या विकास प्राधिकरण में नक्शा स्वीकृति के लिए आवेदन किया गया है। प्रस्तावित धर्मशाला में 20 से अधिक कमरों के निर्माण की योजना बनाई गई है।
जानकारी के अनुसार, अयोध्या स्थित दशरथ पथ के किनारे ‘द सरयू’ प्रोजेक्ट में अमिताभ बच्चन की ओर से करीब 15 करोड़ रुपये में जमीन ली गई थी। अब इसी भूमि पर धर्मशाला के निर्माण की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
20 से अधिक कमरे होंगे
पिछले दिनों अमिताभ बच्चन ने अयोध्या के दशरथ पथ पर एक प्राइवेट कंपनी के जरिए जमीन खरीदी थी। यह जमीन दशरथ पथ के पास प्रॉपर्टी की एक कंपनी की परियोजना में आती है। इसी जमीन पर अब हरिवंश राय बच्चन के नाम पर धर्मशाला आकार लेगी। धर्मशाला में श्रद्धालुओं और अयोध्या आने वालों के लिए ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।
अयोध्या विकास प्राधिकरण ने बताया है कि प्रस्तावित धर्मशाला 20 कमरों से अधिक की होगी। इसका उद्देश्य अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को व्यवस्थित और बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है। धर्मशाला के निर्माण से पहले मानचित्र स्वीकृति की प्रक्रिया चल रही है। प्राधिकरण ने संबंधित आवेदन पर आपत्तियां आमंत्रित करने के लिए इसे प्रकाशित कराया है। आपत्ति दर्ज कराने के लिए निर्धारित समय पूरा होने के बाद प्राधिकरण दस्तावेजों और प्रस्ताव का परीक्षण करेगा। इसके बाद नियमानुसार मानचित्र को स्वीकृति देने की कार्रवाई की जाएगी।