देवघर: झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार और मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने संयुक्त रूप से बुधवार को झारखण्ड सीमा पर अवस्थित दुम्मा कांवरिया पथ में 11 वैदिक पुरोहितों के बाबा बैद्यनाथ की पूजा के साथ विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला, 2026 का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस दौरान मौके पर विधायक सुरेश पासवान, विधायक उदय शंकर सिंह, विधायक देवेन्द्र कुंवर, देवघर नगर निगम के महापौर, जिला परिषद अध्यक्ष, बीस सूत्री के उपाध्यक्ष, उप महापौर एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
इसे भी पढ़ें : लोकसभा में चर्चा के दौरान नोकझोंक के बीच लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन बिल, 2026 पास
30 जुलाई से 28 अगस्त तक मेला

Highlights:
इस मौके पर मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि इस वर्ष श्रावणी मेले का आयोजन 30 जुलाई से 28 अगस्त तक किया जा रहा है। इस पावन महीने में देवघर आने वाले देवतुल्य कांवरियों की सेवा करना स्वयं भगवान शिव की सेवा करने के समान है। श्रद्धालुओं की सुगमता और सुरक्षा को सर्वाेपरि रखते हुए राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने मिलकर अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी और भीड़ प्रबंधन के लिए इस बार एआई आधारित सिस्टम लागू किया गया है।
QR कोड आधारित शिकायत निवारण प्रणाली
श्रद्धालुओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जगह-जगह क्यूआर कोड आधारित शिकायत निवारण प्रणाली की सुविधा सुनिश्चित की गई है, जिससे कोई भी पीड़ित तुरंत अपनी शिकायत दर्ज करा सकेगा। राज्य सरकार का प्रयास है कि श्रावणी मेला के दौरान आने वाले देवतुल्य श्रद्धालु देवघर से एक बेहद सुखद और अच्छी स्मृति लेकर अपने घर लौटेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की योजना हर साल इस ऐतिहासिक मेले की व्यवस्थाओं को और अधिक आधुनिक, सुदृढ़ तथा जन-अनुकूल बनाने की है।
बाबाधाम कांवरियों के लिए तैयार

इधर मौके पर मौजूद मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि देवघर अपने भव्य स्वरूप के साथ बाबाधाम आने वाले सभी कांवरियों के अभिनंदन के लिए पूरी तरह तैयार है। ऐसे में सभी लोग एकजुट होकर इस मेले का सफलता से आयोजन करें। यहां आने वाले सभी देवतुल्य श्रद्धालु एक सुखद और अच्छी अनुभूति प्राप्त कर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करें। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से इस वर्ष का मेला ऐतिहासिक और सफल साबित होगा। जिला प्रशासन ने बेहतर इंतजाम किया है, जिससे कांवरिया सुखद अनुभव के साथ यहां से लौटेंगे यह भरोसा है।
15 मिनट में समस्या का समाधान
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि श्रावणी मेला में सुलभ, सुरक्षित जलार्पण की व्यवस्था के अलावा देवतुल्य श्रद्धालुओं ही हर सुख-सुविधा का ख्याल रखा जाएगा, ताकि बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर से श्रद्धालु एक अच्छा अनुभव लेकर प्रस्थान करें। श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप विभिन्न नई तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है। मेला क्षेत्र में तकनीकी के माध्यम से श्रद्धालुओं तो मेला क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न आवश्यक जानकारी प्रदान की जायेगी। QR CODE के जरिए तस्वीर के साथ समस्या साझा करने पर 15 मिनट में समस्या का समाधान किया जाएगा।
वहीं सुरक्षा के दृष्टिकोण से ANPR, Face Recognition, Headcount कैमरों का उपयोग किया गया है। श्रद्धालुओं को नई अनुभूति प्रदान करने के उद्देश्य से शिवलोक परिसर में भव्य प्रदर्शनी और सांस्कृतिक मंच का निर्माण कराया गया है। वही श्रावणी मेले में ड्रोन शो का आयोजन भी किया जा रहा हैं।


