Nepal Helicopter Crash: नेपाल में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। माउंट एवरेस्ट के पास फेरिचे हेलीपैड पर लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस हादसे में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। नेपाल पुलिस के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 8 बजकर 11 मिनट पर हुआ। हादसे के समय फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी के हेलीकॉप्टर हेलीपैड पर उतर रहे थे।
Highlights:
इसे भी पढ़ें: आंध्र प्रदेश के तट से टकराया साइक्लोन मुरासु, भारी बारिश के बीच कई ट्रेनें और उड़ानें रद्द
Nepal Helicopter Crash: पुलिस ने दी हादसे की जानकारी
पुलिस ने बताया कि फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार भारतीय नागरिक वसंत कुमार बालारामरामाडु की मौत हो गई। वहीं, भारतीय मूल के न्यूजीलैंड नागरिक शैलेश कृष्ण पटेल घायल हो गए। घायल शैलेश पटेल को हेलीकॉप्टर की मदद से काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में दोनों हेलीकॉप्टरों के पायलट भी घायल हुए हैं। उन्हें भी इलाज के लिए काठमांडू ले जाया गया है।
Nepal Helicopter Crash: जांच में जुटी नेपाल पुलिस की टीम
फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर को कैप्टन प्रज्ज्वल केसी उड़ा रहे थे, जबकि एयर डायनेस्टी के हेलीकॉप्टर की कमान कैप्टन रबिंद्र प्रजापति के पास थी। हादसे के बाद सिमरिक एयर का एक हेलीकॉप्टर मौके पर पहुंच गया है। बचाव अभियान जारी है। फिलहाल, दोनों हेलीकॉप्टरों में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। नेपाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है और घटना से जुड़ी अधिक जानकारी जुटाई जा रही है।

