खेल डेस्क : ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों के चौथे दिन रविवार को भारत की झोली में दूसरा पदक आ गया है. भारोत्तोलन यानी वेटलिफ़्टिंग में पुरुष वर्ग की 60 किलोग्राम स्पर्धा के फ़ाइनल में ऋषिकांत सिंह चनमबम ने कुल 264 किलोग्राम वज़न उठाकर रजत पदक जीता लिया है. वो मणिपुर राज्य से संबंध रखते हैं.
Highlights:
राष्ट्रमंडल खेलों के चौथे दिन तक भारत को मात्र दो पदक ही हासिल हो सके हैं. इससे पहले शुक्रवार को झंडू कुमार ने पैरा पावर लिफ़्टिंग में कांस्य पदक दिलाया. हालांकि, मुक्केबाज़ लवलीना बोरगोहेन का भी पदक पक्का हो गया है. ड्रॉ मैच के ज़रिए उन्हें सीधे सेमीफ़ाइनल में प्रवेश मिला है, जिसके बाद उनका कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित हो गया है.
इसे भी पढ़ें: दिल्ली : लता गुप्ता बनीं महिला आयोग की अध्यक्ष, निर्मल जैन संभालेंगे अल्पसंख्यक आयोग
राष्ट्रमंडल खेलों का नया रिकार्ड

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक़, वेट लिफ़्टर ऋषिकांत सिंह ने स्नैच स्पर्धा में 121 किलोग्राम वज़न उठाकर खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया. इसके बाद क्लीन एंड जर्क में 143 किलोग्राम वज़न उठाया. इस तरह उन्होंने कुल 264 किलोग्राम वज़न उठाकर रजत पदक अपने नाम किया. इस प्रतियोगिता में मलेशिया के मोहम्मद अनिक को गोल्ड और केन्या के जोशुआ अमुंगा म्बोया को ब्रॉन्ज़ मेडल मिला है.
राष्ट्रमंडल खेलों में ऑस्ट्रेलिया 12 स्वर्ण समेत 23 पदकों के साथ सबसे आगे चल रहा है. बता दें कि ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों की शुरुआत भारतीय दल के लिए अच्छी नहीं रही है. डोपिंग से जुड़े नियमों के उल्लंघन के कारण भारत के तीन खिलाड़ियों को खेलों में भाग लेने से रोक दिया गया है.


