रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य में चुनाव आयोग की ओर से जारी विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर सभी उपायुक्तों को विशेष निर्देश जारी किए हैं. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि राज्य का कोई भी नागरिक जानकारी के अभाव में मतदाता बनने या अपना नाम संशोधित कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए. अधिकारियों को मिशन मोड में काम करने का निर्देश देते हुए सीएम ने कहा है कि गणना प्रपत्र भरने की सही जानकारी झारखंड के आखिरी घर और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : चतरा में नक्सली संगठन TSPC को लगा बड़ा झटका, हार्डकोर उग्रवादी नरेश गंझू उर्फ रविकांत गिरफ्तार
असमंजस की स्थिति नहीं
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को हिदायत दी है कि नागरिकों के बीच प्रपत्र भरने, जरूरी दस्तावेजों और समय-सीमा को लेकर रत्ती भर भी असमंजस नहीं होना चाहिए. इसके लिए पूरे राज्य में लगातार व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए. सीएम ने स्पष्ट कहा कि सूचनाओं का प्रसार इस तरह हो कि हर वर्ग समय रहते अपने लोकतांत्रिक हक के प्रति सजग हो सके.
जमीनी स्तर पर काम कर रहे बूथ लेवल ऑफिसर्स को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी बीएलओ को निरंतर प्रशिक्षण और सेंसिटाइजेशन दिया जाए. उन्होंने साफ निर्देश दिया कि फील्ड में तैनात बीएलओ का व्यवहार नागरिकों के साथ बेहद विनम्र, सम्मानजनक और सहयोगात्मक होना चाहिए, ताकि हर पात्र मतदाता बिना किसी हिचकिचाहट के अपनी प्रविष्टि दर्ज करा सके.
मुख्यमंत्री के विशेष निर्देश
मुख्यमंत्री ने राज्य के बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को उनके घर पर ही हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं तो वहीं दूरस्थ क्षेत्रों के निवासियों और आदिवासी समुदायों तक प्रशासनिक टीमों को स्वंय पहुंचने को कहा है. इसके अलावा राज्य से बाहर रह रहे झारखंड के लोगों यानी प्रवासियों तक भी आवश्यक सूचना पहुंचाने के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया है.


