न्यूज़ डेस्क: नगालैंड के मोन जिले में रविवार को लैंडस्लाइड की घटना हुई, जिसमें 4 लोगों की मौत होने व कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की संभावना है. डिफेंस कॉलोनी में हुई लैंडस्लाइड की इस घटना में कई घरों के भी बह जाने की बात सामने आई है. इस घटना के बाद से स्थानीय प्रशासन की ओर से बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया गया है। बचाव दल में शामिल लोगों के अनुसार इस घटना में लगभग 15 घर प्रभावित हुए हैं। फिलहाल इस मामले में आधिकारिक सूचना नहीं आई है.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : यूजर्स ने की अचानक फेसबुक डाउन होने की शिकायत, इंस्टाग्राम में भी आई दिक्कत, मेटा का कोई बयान नहीं
राहत एवं बचाव कार्य जारी
हादसे की सूचना मिलते ही असम राइफल्स, नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF), नागालैंड पुलिस, स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF), सेना, जिला प्रशासन और स्थानीय स्वयंसेवकों के जवान प्रभावित इलाके में बड़े पैमाने पर खोज और बचाव अभियान चला रहे हैं। इस दौरान चार लोगों का शव बरामद किया गया है, जबकि अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। स्थानीय पुलिस के अनुसार, लैंडस्लाइड से भारी तबाही हुई है और रिहायशी इमारतों को गंभीर नुकसान पहुंचा है।
मुख्यमंत्री ने जताया दुःख
नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने इस घटना पर दुःख और और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं जताते हुए कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है और बचाव व राहत कार्यों के लिए हरसंभव मदद सुनिश्चित कर रही है।
एक्स पर पोस्ट में उन्होंने लिखा, ‘मोन में भारी भूस्खलन की बेहद परेशान करने वाली खबरें हैं। जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। राज्य सरकार स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है। NSDMA, जिला प्रशासन, DDMA, SDRF, पुलिस, AR और स्थानीय समुदाय खोज और बचाव कार्यों के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं।’


