हल्दिया: पश्चिम बंगाल के हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स में मंगलवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। रिफाइनरी की नैप्था सप्लाई पाइपलाइन में अचानक आग लग गई। इस हादसे में अब तक 15 लोग झुलस चुके हैं। आग बुझाने के लिए मौके पर दमकल की 12 गाड़ियां तैनात हैं।
Highlights:
सुबह 4 बजे हुआ जोरदार धमाका
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 4 बजे हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स की नैप्था पाइपलाइन में तेज ब्लास्ट हुआ। धमाके के साथ निकली आग की लपटें हल्दिया नगर पालिका के वार्ड 13, चिरंजीबपुर इलाके तक फैल गईं।
धमाके की आवाज से पूरा इलाका दहल गया। लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ ही मिनटों में आसपास के कई घर आग की चपेट में आ गए।
15 झुलसे, 2 की हालत गंभीर
बचाव दल ने 15 गंभीर रूप से झुलसे लोगों को बाहर निकाला। सभी को हल्दिया सब-डिविजनल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। उनमें से 5 को आगे के इलाज के लिए तमलुक मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, 2 लोगों की हालत अभी भी गंभीर है।
हल्दिया के विधायक प्रदीप बिरुली अस्पताल पहुंचकर घायलों से मिले। उन्होंने बताया कि आशंका है कि पाइपलाइन से नैप्था गैस लीक होने की वजह से ब्लास्ट हुआ। लीक का असली कारण अभी जांच का विषय है।
हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स ने कहा है कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। कंपनी की पहली प्राथमिकता कर्मचारियों और प्रभावित लोगों की सुरक्षा है।
ट्रेन सेवा भी प्रभावित
इस हादसे का असर रेलवे पर भी पड़ा। जिस जगह ब्लास्ट हुआ उसके पास से ही हल्दिया-पांशकुड़ा रेल लाइन गुजरती है। धमाके से ओवरहेड तार, ट्रांसफार्मर जल गए और ट्रैक का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
सुरक्षा के चलते हल्दिया से हावड़ा जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को रोक दिया गया। इससे रेल यातायात बाधित हुआ है। पूरे इलाके में दहशत है और प्रशासन जांच में जुटा है।
क्या है नैप्था?
नैप्था कच्चे तेल से बनने वाला बहुत ज्यादा ज्वलनशील लिक्विड होता है। कच्चे तेल को उबालने पर पेट्रोल से ठीक पहले यही वाष्प के रूप में निकलता है। ये कुल कच्चे तेल का करीब 15% से 30% होता है।
इसका इस्तेमाल प्लास्टिक, रबर बनाने, पेट्रोल की क्वालिटी बढ़ाने, पेंट, वार्निश और ड्राई क्लीनिंग में होता है।
इसे भी देखें:




