रांची : झारखंड के हजारों युवाओं के लिए आज उम्मीदों का नया सवेरा लेकर आया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज रांची के होटवार स्थित खेलगांव परिसर में आयोजित समारोह में 1,042 नवचयनित सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। इस नियुक्ति के साथ राज्य के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठेगा।
नियुक्ति प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों में पहली से पांचवीं कक्षा के लिए चयनित 274 अंतर-प्रशिक्षित सहायक आचार्य तथा छठी से आठवीं कक्षा के लिए चयनित 768 स्नातक-प्रशिक्षित सहायक आचार्य शामिल हैं। लंबे समय से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह पल किसी सपने के साकार होने से कम नहीं होगा।
खेलगांव में आयोजित समारोह को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में चयनित अभ्यर्थी समारोह में मौजूद रहेंगे। सरकार का कहना है कि इन नियुक्तियों से सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का लक्ष्य और सशक्त होगा।




