ठाणे: महाराष्ट्र में शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों उम्मीदवारों को एक बड़ा झटका लगा है। रविवार (28 जून) को राज्य भर में आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 को अचानक स्थगित कर दिया गया है। यह फैसला परीक्षा शुरू होने से महज 24 घंटे पहले लिया गया, जब पुलिस ने ठाणे के भिवंडी में छापेमारी कर परीक्षा का गोपनीय प्रश्नपत्र बरामद किया।
Highlights:
इस फैसले से राज्य के 1,028 केंद्रों पर परीक्षा देने की तैयारी कर रहे 4.28 लाख से अधिक उम्मीदवारों का इंतजार बढ़ गया है।
भिवंडी में तड़के छापेमारी, सीलबंद पेपर के पन्ने मिले
महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने शनिवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर इस बात की पुष्टि की। परिषद के अनुसार शनिवार तड़के भिवंडी पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्धों के पास टीईटी परीक्षा की गोपनीय सामग्री मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत एक ठिकाने पर छापा मारा, जहां कुछ लोगों के पास से सीलबंद TET 2026 प्रश्नपत्र के पन्ने बरामद किए गए।
पुलिस ने इसकी पुष्टि के लिए तुरंत महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद के अधिकारियों को मौके पर बुलाया। अधिकारियों ने जांच में पाया कि बरामद पन्ने असली प्रश्नपत्र से मेल खा रहे थे।
ये भी पढ़ें: ऑक्सीटोसिन मामले पर केंद्र का बड़ा एक्शन: जैक्सन लेबोरेट्रीज के दो राज्यों में मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस रद्द
इस गंभीर मामले के सामने आते ही भिवंडी पुलिस स्टेशन में एक आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने इस रैकेट से जुड़े कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। हालांकि, जांच प्रभावित न हो, इसलिए अभी उनकी पहचान उजागर नहीं की गई है।
महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता, विश्वसनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए 28 जून को होने वाली टीईटी परीक्षा को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। क्यूंकि उम्मीदवारों के हितों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता। वहीं शिक्षा विभाग का कहना है कि वे इस लीक के मुख्य सूत्रधारों तक पहुँचने के लिए पुलिस के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
अब आगे क्या?
अचानक परीक्षा स्थगित होने से दूर-दराज के इलाकों से परीक्षा केंद्रों के लिए निकल चुके लाखों छात्रों में भारी निराशा और आक्रोश है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जल्द ही नई तारीखों की घोषणा की जाएगी और उम्मीदवारों को नए सिरे से एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। तब तक उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
ये खबर भी देखें:




