खेल डेस्क : फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026 में 22 जून का दिन एक बार फिर अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी और फ़्रांस के सुपरस्टार किलियन एम्बापे के नाम रहा. दोनों ने ज़बरदस्त प्रदर्शन करके अपनी-अपनी टीमों को जीत दिलाई. अर्जेंटीना और फ़्रांस दोनों ही अपने शुरुआती दो-दो मैच जीतकर अब अपने-अपने ग्रुप में टॉप पर पहुंच गई हैं और अगले दौर में पहुंचने की उनकी संभावनाएं बेहद बढ़ गई हैं.
Highlights:
इसे भी पढ़ें: लखनऊ अग्निकांड हादसे में पुलिस ने चार लोगों को किया गिरफ़्तार, दो सदस्यीय एसआईटी का गठन
मेसी के नाम 18 गोल
इंगलवुड के सोफ़ी स्टेडियम में ग्रुप जे के एक मैच में अर्जेंटीना और ऑस्ट्रिया की टीमें आमने-सामने थीं. सबकी नज़रें थी अर्जेंटीना के कप्तान और स्टार लियोनेल मेसी पर. वो मैच से पहले कुल वर्ल्ड कप मैचों में 16 गोल करके मिरोस्लाव क्लोसा के रिकॉर्ड की बराबरी कर चुके थे. ऑस्ट्रिया के ख़िलाफ़ भी उनका जलवा दिखा. हालांकि, वो एक पेनल्टी मिस कर गए और मैदान में मौजूद अर्जेंटीना के समर्थकों में निराशा फैल गई.
लेकिन जल्द ही टीम ने ज़बरदस्त वापसी की. मेसी ने मैच के 38वें मिनट में एक गोल किया और मैच के आख़िरी लम्हों में भी एक गोल करके अपनी टीम को 2-0 से जीत दिला दी. इन दो गोल के साथ ही वो वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज़्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. अब उनके नाम 18 गोल हैं.
एम्बापे के विश्व कप मैचों में 16 गोल
दूसरी ओर फ़्रांस के सुपरस्टार किलियन एम्बापे भी उनसे ज़्यादा पीछे नहीं रहे. ग्रुप आई के एक मैच में फ़्रांस ने इराक़ को आसानी से 3-0 से हरा दिया और 6 अंकों के साथ अपने ग्रुप में टॉप पर पहुंच गई. एम्बापे ने 14वें और 54वें मिनट में गोल दागे जबकि फ़्रांस के लिए तीसरा गोल उस्मान डेंबले ने किया. फ़्रांस भी 6 अंकों के साथ अपने ग्रुप में टॉप पर पहुंच गई है. एम्बापे के अब विश्व कप मैचों में कुल 16 गोल हो चुके हैं.




