स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम की घोषणा कर दी है। टीम चयन में सबसे ज्यादा चर्चा युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर हो रही है। 15 साल के वैभव को पहली बार टीम इंडिया में जगह मिली है। इसके साथ ही उन्हें एशियन गेम्स की टीम में भी शामिल किया गया है।
Highlights:
शनिवार को मुंबई में टीम के मुख्य चयनकर्ता अजीत आगरकर ने टीम की घोषणा करते हुए बताया कि टी 20 टीम की जिम्मेदारी अब श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है जबकि तिलक वर्मा टीम के उप कप्तान बनाये गए हैं. टीम से वर्तमान कप्तान सूर्य कुमार यादव की छुट्टी हो गई है. एशियन गेम्स 2026 के लिए भी टीम इंडिया की घोषणा की गई है.
एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती और वैभव सूर्यवंशी
इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम
वैभव सूर्यवंशी पिछले दो वर्षों से लगातार शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में उनके प्रदर्शन ने सभी का ध्यान खींचा था। चयनकर्ताओं की नजर भी लगातार उन पर बनी हुई थी और अब उनका भारतीय टीम में खेलने का सपना पूरा होता नजर आ रहा है। वैभव ने पिछले साल आईपीएल में डेब्यू किया था।
उन्होंने अपने पहले सीजन में सात मैचों में 252 रन बनाए थे। वहीं आईपीएल-2026 में उन्होंने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 14 मैचों में 776 रन बनाए। इस सीजन वैभव सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे और उन्होंने ऑरेंज कैप भी अपने नाम की। उनके बल्ले से एक शतक और पांच अर्धशतक निकले। उन्होंने 237.31 की शानदार स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की।
बड़े गेंदबाजों के खिलाफ खेली बेखौफ पारी
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल-2026 में कई बड़े गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने जसप्रीत बुमराह, जोश हेजलवुड और पैट कमिंस जैसे अनुभवी गेंदबाजों के खिलाफ भी जमकर रन बनाए। उनकी बेखौफ बल्लेबाजी ने क्रिकेट विशेषज्ञों को भी प्रभावित किया। इस दौरे के लिए श्रेयस अय्यर को भारतीय टी20 टीम का कप्तान बनाया गया है। उन्होंने सूर्यकुमार यादव की जगह टीम की कमान संभाली है। अब देखना होगा कि कप्तान अय्यर युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में मौका देते हैं या नहीं।
ओपनिंग स्लॉट को लेकर मुकाबला
भारतीय टीम में पहले से अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन जैसे ओपनर मौजूद हैं। ऐसे में वैभव को अंतिम एकादश में जगह मिलती है या नहीं, इस पर सभी की नजर रहेगी। हालांकि उनके हालिया प्रदर्शन को देखते हुए फैंस को उनसे काफी उम्मीदें हैं। अगर वैभव सूर्यवंशी को इस दौरे पर डेब्यू करने का मौका मिलता है तो वह भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं। फिलहाल यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने 16 साल 205 दिन की उम्र में पाकिस्तान के खिलाफ डेब्यू किया था।
यह भी पढ़ें: दिल्ली मालवीय नगर अग्निकांड में हुई एक और गिरफ़्तारी, शेफ केशव को पुलिस ने किया गिरफ्तार



