रांची : 18 जून को दो सीटों के लिए होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर गुरूवार को कांग्रेस के उम्मीदवार घोषित करने के बाद शुक्रवार को राजनीतिक हलचल तेज नजर आई. सीएम आवास में मुख्यमंत्री सह जेएमएम अध्यक्ष हेमंत सोरेन के नेतृत्व में जेएमएम की हुई बैठक के बाद पार्टी कार्यालय में शुक्रवार शाम प्रेस कांफ्रेंस में जेएमएम महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्या ने मीडिया के सवालों का जबाब दिया.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : JMM ने राज्यसभा की दोनों सीटों पर ठोका दावा, मंत्री व विधायकों संग सीएम हेमंत ने की बैठक
कांग्रेस का एकतरफा फैसला
सुप्रियो भट्टाचार्य ने राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार खड़े करने की कांग्रेस की एकतरफा घोषणा पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे एकतरफा प्यार करार दिया है. भट्टाचार्य ने दो टूक शब्दों में कहा कि राज्य की दोनों राज्यसभा सीटों पर झामुमो का स्वाभाविक अधिकार है, लेकिन कांग्रेस ने एकतरफा फैसला लेकर गठबंधन की मर्यादा को ठेस पहुंचाई है.
सुप्रियो भट्टाचार्य ने गठबंधन धर्म की दुहाई देते हुए कहा कि हमने हमेशा कांग्रेस का साथ निभाया, लेकिन बदले में हमें सिर्फ ठेस मिली है. झामुमो के इस कड़े रुख से साफ है कि राज्यसभा की सीटों को लेकर झामुमो बैकफुट पर जाने को तैयार नहीं है, जिससे महागठबंधन में सीट शेयरिंग का विवाद गहरा गया है.
गठबंधन के पास पर्याप्त मत
झामुमो महासचिव ने कहा कि महागठबंधन के पास 56 विधायक हैं, जो दोनों सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त हैं. उन्होंने कहा कि जेएमएम ने पार्टी स्तर पर हेमंत सोरेन को अधिकृत किया है और पार्टी की स्पष्ट मांग है कि दोनों राज्यसभा सीटों पर JMM के उम्मीदवार उतारे जाएं. उन्होंने कहा कि झामुमो ने विपरीत परिस्थितियों में भी गठबंधन धर्म का पालन करते हुए लगातार दो बड़े चुनाव लड़े हैं और संगठन ने हमेशा सहयोगी दलों का सम्मान किया है.
शनिवार को विधानसभा खुलेगी
इधर राज्यसभा चुनाव को लेकर शनिवार यानी 6 जून को विधानसभा की सभी शाखाएं सामान्य कार्यदिवस की तरह खुली रहने का विधानसभा सचिवालय ने निर्णय लिया है. इस संबंध में विधानसभा के उप सचिव की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, सचिवीय कार्यालय, स्थापना, कार्मिक, प्रेषण, टंकण, मार्शल, अवधायक, लेखन सामग्री, ऑन-लाईन शाखा और भोजशाला समेत सभी विभाग शनिवार को भी पूरी तरह सक्रिय रहेंगे, ताकि नामांकन और चुनाव से जुड़ी प्रक्रियाओं को बिना किसी बाधा के समय पर पूरा किया जा सके.


