लोहरदगा: लोहरदगा के भंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेदाल टंगरा टोली गांव में मंगलवार सुबह जंगली हाथी के हमले में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने वन विभाग और पुलिस को घटना की जानकारी दी. वहीं ग्रामीणों ने विभाग से इन हमलो को लेकर सुरक्षा और पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग की है.
Highlights:
खेत में काम के दौरान हुई घटना
जानकारी के अनुसार, बेदाल टंगरा टोली निवासी 35 वर्षीय प्रतिमा उराइन अपने पति कृष्णा उरांव और 2 बच्चों के साथ खेत में काम कर रही थी. इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी खेत की ओर पहुंचा. जिसे देखकर महिला का परिवार और आसपास मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे. इसी अफरा–तफरी में महिला का 1 बच्चा खेत में ही गिर गया.
हाथी ने बच्चे या अन्य लोगों को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया. लेकिन उसने प्रतिमा को अपनी चपेट में ले लिया और उन्हें बुरी तरह से रौंद डाला. हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं अचानक हुई घटना को लेकर आसपास मौजूद लोग चाहकर भी महिला को बचा नहीं पाए.
इसे भी पढ़े: झारखंड में भीषण गर्मी और हीट वेव से आम जनजीवन प्रभावित, मई के अंत में बारिश की संभावना
गांव में डर का माहौल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. महिला की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. वहीं ग्रामीणों ने कहा कि, पिछले कुछ दिनों से ही क्षेत्र में जंगली हाथियों की गतिविधियां काफी बढ़ गई हैं, जिससे लोग भय का माहौल बना रहता है. उन्हें खेतों में काम करने और गांव से बाहर निकलने में भी डर का महसूस होता है कि कहीं अचानक हाथी हमला न करें.
उचित मुआवजे की मांग
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग कर रही है कि वे हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने और प्रभावित क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दे, ताकि ऐसी दर्दनाक घटनाएं न हो. यह भी जानकारी है कि हाथी फिलहाल उसी इलाके में मौजूद है, जिससे ग्रामीणों में और अधिक भय का माहौल है. इसके साथ ही ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की भी मांग की है. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है वहीं लोग प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर हाथी के हमले से बचाने की मांग कर रहे है.


