ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मुरबाड क्षेत्र में हुआ, जहां एक वैन और सीमेंट मिक्सर की आमने-सामने टक्कर हो गई। यह दुर्घटना सुबह करीब साढ़े 11 बजे मुरबाड के गोविली गांव स्थित रैता पुल पर हुई। पुलिस के अनुसार, विपरीत दिशा से आ रहे सीमेंट मिक्सर वाहन से वैन की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
Highlights:
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
राहत और बचाव कार्य जारी
हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वैन में सवार 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, बचाव दल और मेडिकल टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। शवों को बाहर निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम युद्धस्तर पर किया गया।
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी ने महिलाओं की संसदीय भागीदारी पर दिया जोर, संसद के विशेष सत्र के पहले महिलाओं संग किया संवाद
ट्रैफिक प्रभावित, जाम की स्थिति
हादसे के बाद रैता पुल पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और लंबा जाम लग गया। पुलिस द्वारा ट्रैफिक को सामान्य करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। ठाणे का यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करता है। प्रशासन द्वारा जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी, जबकि मृतकों के परिजनों में शोक का माहौल है।

