न्यूज डेस्क: गुरुवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र की 28 एमएलसी सीटों पर चुनावी नतीजों के रूझान में कांग्रेस का एक भी उम्मीदवार के नहीं जीतने व बढ़त बनाने पर तंज़ करते हुए पीएम मोदी ने एक्स लिखा था, “4 राज्यों में 28 सीटों पर एमएलसी चुनाव हो रहे हैं, ये सभी चुनाव बैलेट पेपर के जरिए करवाए जाने के बाद आख़िर कांग्रेस को कितनी सीटें मिली?”
Highlights:
इसे भी पढ़ें : Naseeruddin Shah के ‘दिमागी नक्सल’ बयान पर बवाल, किरेन रिजिजू का पलटवार: जानिए पूरा विवाद
देवेंद्र फड़णवीस ने पोस्ट हटाया

इस पोस्ट को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी एक्स पर शेयर किया था लेकिन देर रात ये पोस्ट हटा ली. क्योंकि सीएम देवेंद्र फडणवीस के गृह नगर नागपुर में कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत वंजारी ने नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जीत दर्ज की है. वंजारी ने कोहले को 3,271 वोटों के अंतर से हराया. उन्हें पहली और दूसरी वरीयता के वोटों को मिलाकर कुल 67,231 वोट मिले. जबकि बीजेपी के उम्मीदवार सुधाकर कोहले को 63,960 वोट मिले. महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति और विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) ने विधान परिषद की सभी पांच सीटों पर चुनाव लड़ा था. इसमें महा विकास अघाड़ी ने तीन और महायुति ने दो सीटें जीती.

अपनी जीत पर अभिजीत वंजारी ने कहा, “बीजेपी ने अपनी पूरी ताक़त लगा दी. उनके सभी नेता नागपुर में मौजूद थे. इसके बावजूद मतदाताओं ने हमारा साथ दिया. हमारी पार्टी एकजुट रही और महा विकास अघाड़ी के नेता और कार्यकर्ता एक साथ खड़े रहे. कई संगठनों ने मेरा समर्थन किया. दरअसल, मैंने अपने चुनाव प्रचार की सामग्री में भी बताया था कि 48 संगठन मेरे समर्थन में हैं. यह जीत उन्हीं संगठनों के कार्यकर्ताओं और नेताओं की है.”
कांग्रेस हुई हमलावर

नागपुर एमएलसी सीट जीतने के बाद जहां कांग्रेस हमलावर हो गई है। कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा, “मुख्यमंत्री योगी के लिए गोरखपुर, पीएम मोदी के लिए बनारस और आरएसएस के लिए नागपुर. इन तीनों जगहों पर उन्हें बड़ा झटका लगा है. उन्हें अपने मामलों को संभालने पर ध्यान देना चाहिए.”
“जहां तक बैलेट पेपर से चुनाव कराने को लेकर उनके तंज की बात है, तो हम तैयार हैं. बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाएं. हमें जीत या हार की चिंता नहीं है. हमें ईवीएम पर भरोसा नहीं है, हम बैलेट पेपर पर भरोसा करते हैं.”
पीएम की टिप्पणी पर बोली बीजेपी
वहीं बीजेपी के कई नेताओं ने पीएम मोदी की टिप्पणी पर सफ़ाई दी है. महाराष्ट्र में बीजेपी एमएलए राम कदम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “चुनाव बैलेट पेपर से हुए. 28 सीटों में से कांग्रेस को सिर्फ एक सीट मिली और उस पर भी जीत का अंतर बहुत कम रहा. उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली और बिहार में भी उसका खाता नहीं खुला. कर्नाटक में भी, जहां कांग्रेस सत्ता में है, वह एक भी सीट जीतने में नाकाम रही. बैलेट पेपर से चुनाव होने के बावजूद कांग्रेस 28 में से सिर्फ एक सीट जीत सकी.”
राम कदम ने पूछा, “क्या कांग्रेस अब हकीकत स्वीकार करेगी? वह लगातार चुनाव हारती है, फिर भी बार-बार ईवीएम या चुनाव आयोग पर हार का ठीकरा फोड़ने की हिम्मत करती है. क्या अब वह आत्ममंथन करेगी और यह मानेगी कि उसकी हार के लिए दूसरे नहीं, बल्कि उसकी अपनी पार्टी ज़िम्मेदार है? अब यही सवाल उठता है.”

