जामताड़ा : क्रेडिट कार्ड बंद होने का डर दिखाकर लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाने वाले दो आरोपियों को जामताड़ा साइबर थाना की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सुगापहाड़ी में सड़क किनारे स्थित एक निर्माणाधीन मकान से हुई। पुलिस ने मौके से छह मोबाइल फोन, नौ सिम कार्ड, सात एटीएम कार्ड और एक पैन कार्ड बरामद किया है।
इसे भी पढ़ें: झारखंड में अवैध शराब के कारोबार पर ड्रोन का पहरा, जंगल-पहाड़ में आसमान से होगी निगरानी
मध्य प्रदेश के एक व्यक्ति के साथ साइबर ठगी की वारदात को अंजाम दिया जा रहा था। संबंधित व्यक्ति का मोबाइल फोन हैक कर लिया गया था और उसके मोबाइल पर लगातार रिटर्न कॉल आ रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वाजिद अंसारी और हसबुल अंसारी के रूप में हुई है। दोनों करमाटांड़ थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने उनके पास से बरामद मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड और पैन कार्ड को जब्त कर लिया है।

