रामगढ़ : झारखंड में अवैध शराब और नकली शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए उत्पाद विभाग अब तकनीक का सहारा लेने जा रहा है। राज्य के घने जंगलों और दुर्गम पहाड़ी इलाकों में ड्रोन के जरिए निगरानी की जाएगी। रामगढ़ के चुटूपालू में उत्पाद मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो ने ड्रोन का ट्रायल किया। इस पहल के जरिए उन दुर्गम इलाकों तक निगरानी का दायरा बढ़ाने की तैयारी है, जहां विभागीय टीमों को पहुंचने में परेशानी होती है।
इसे भी पढ़ें: चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से झारखंड के कई जिलों में लगातार बारिश, 30 अक्तूबर को राज्यभर में बारिश का अनुमान
झारखंड की भौगोलिक परिस्थितियां अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई करने में चुनौती पेश करती हैं। राज्य के कई हिस्सों में घने जंगल, ऊंची पहाड़ियां और दुर्गम रास्ते हैं। ऐसे क्षेत्रों में अवैध शराब बनाने वाले ठिकानों का पता लगाना विभाग के लिए मुश्किल होता है। ड्रोन के इस्तेमाल से इन इलाकों की हवाई निगरानी की जा सकेगी और संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने में सहायता मिलेगी।

