न्यूज डेस्क : जापान में रविवार को हुए आम चुनाव में प्रधानमंत्री सनाई तकाइची की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) के नेतृत्व वाले गठबंधन ने बहुमत हासिल किया है. सत्ताधारी एलडीपी और जापान इनोवेशन पार्टी के गठबंधन ने 465 सदस्यों वाले निचले सदन में 352 सीटें जीती हैं. एनएचके सहित कई जापानी मीडिया आउटलेट्स ने इसे “ऐतिहासिक जीत” बताया है.
जापानी मीडिया के मुताबिक, उन्होंने यह जीत अपनी लोकप्रियता की वजह से हासिल की है। अपनी शानदार जीत के बाद पब्लिक टेलीविजन नेटवर्क NHK को दिए एक इंटरव्यू में ताकाइची ने कहा कि अब वह ऐसी नीतियां अपनाने के लिए तैयार हैं जो जापान को मजबूत और समृद्ध बनाएंगी।
NHK ने वोटों की गिनती के नतीजों का हवाला देते हुए बताया कि ताकाइची की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी LDP ने सोमवार सुबह तक अकेले 316 सीटें हासिल कर लीं, जो जापान की दो-सदनीय संसद के 465 सदस्यों वाले निचले सदन में 261 सीटों के पूर्ण बहुमत से कहीं ज्यादा है। 1955 में पार्टी की स्थापना के बाद से यह एक रिकॉर्ड है। इतना ही नहीं 1986 में दिवंगत प्रधानमंत्री यासुहिरो नाकासोन द्वारा जीती गईं 300 सीटों के पिछले आंकड़े को भी पार कर दिया है।
तकाइची की जीत पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी है. पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, “जापान-भारत की विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी दुनिया में शांति, स्थिरता और खुशहाली को मज़बूत करने में अहम भूमिका निभाती है. मुझे पूरा भरोसा है कि महामहिम (सनाई तकाइची) के बेहतरीन नेतृत्व में, जापान और भारत के बीच दोस्ताना रिश्ते भविष्य में और भी ऊंचे स्तर पर पहुंचेंगे.”


