धनबाद : झरिया विधायक रागिनी सिंह और पूर्व विधायक संजीव सिंह के आवास सिंह मेंशन पर रविवार की देर रात अपराधियों ने बमबाजी की घटना को अंजाम दिया है. इस घटना के लगभग दस घंटे के बाद शहर के कुख्यात आपराधिक गिरोह अमन सिंह गैंग ने जिम्मेदारी ली है। गिरोह के शंकर सिंह इस संबंध में जारी एक नोट में कहा है कि धनबाद को शमशान बना देंगे. जिस जमीन पर अमन भैया का खून बहा, उस धरती को बंजर बना देंगे.
Highlights:
जारी नोट में शंकर सिंह ने धनबाद के व्यापारियों को धमकी देते हुए कहा कि सभी को रंगदारी देना होगा. कहा कि तुम्हारे देवता संजीव सिंह का दरवाजा फाड़ दिए हैं. साथ ही चेतावनी दी कि शहर में सबको चुन चुनकर मारेंगे, भैया का दिया हुआ वचन पूरा होगा। हालांकि इस मामले में अब तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है वहीं अमन सिंह गिरोह की ओर से ली जिम्मेदारी को लेकर भी पुलिस अधिकारियों ने कोई बयान नहीं दिया है।
क्या है मामला
बता दें कि सरायढेला-गोविंदपुर सड़क पर स्टीलगेट के पास स्थित सिंह मेंशन में रविवार देर रात अपराधियों ने सुतली बम फेंका. एक बम सिंह मेंशन के अंदर जबकि दूसरा गेट के पास फेंका गया। सुतली बम फटने के बाद सिंह मेंशन के अंदर अफरातफरी मच गई। घटना रात करीब 11.40 बजे की है। सिंह मेंशन में लगे सीसीटीवी के फुटेज में बाइक पर सवार दो युवकों को बम फेंकते देखा गया। बाइक सवार कोलाकुसुमा की तरफ से आए और गोविंदपुर की तरफ निकल गए।
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी के साथ सरायढेला और धनबाद थाना की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों बदमाशों की पहचान में भी जुट गई है। पुलिस इस मामले की हर बिंदु पर जांच कर रही है।


