राँची: शनिवार को पुरी में समुद्र में नहाते समय तेज लहरों की चपेट में आने से मां और बेटे की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान मां कुसुम गुप्ता और उनके बेटे अंकित गुप्ता के रूप में हुई है, जो रांची स्थित धुर्वा के टंकी साइड के रहने वाले थे। घटना चक्रतीर्थ रोड पर पिंक हाउस इलाके के पास हुई, जहां परिवार समुद्र में नहाने गया था।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार समुद्र में नहाने के दौरान एक तेज लहर और तेज बहाव कुसुम गुप्ता को गहरे पानी में बहा ले गया। जब उनके बेटे अंकित ने उन्हें बचाने की कोशिश की, तो वह भी लहरों के साथ समुद्र में बह गया।
परिवार वालों की चीख-पुकार सुनकर, मौके पर मौजूद प्राइवेट लाइफ गार्ड और स्थानीय मछुआरे तुरंत पानी में कूद गए और दोनों पीड़ितों को बाहर निकालने में कामयाब रहे। उन्हें तुरंत पुरी के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस दुखद घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि चक्रतीर्थ बीच पर लाइफ गार्ड तैनात न होने के कारण ऐसी दुर्घटनाएं बार-बार हो रही हैं और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए जिला प्रशासन से तुरंत दखल देने की मांग की है।


