आगरा: आगरा में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। जगन्नाथपुरी से दर्शन कर लौट रहे यात्रियों से भरे दो ऑटो को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों ऑटो में सवार लोग आगरा रेलवे स्टेशन से अपने-अपने गांव जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ऑटो उछलकर सड़क किनारे करीब 10 फीट दूर एक पेड़ से जा टकराए और फिर गड्ढे में पलट गए। हादसे में ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। एक टेंपो दो हिस्सों में टूट गया और उसकी छत तक उड़ गई। बताया गया है कि दोनों ऑटो में करीब 14 से 15 लोग सवार थे। हादसे में कई यात्रियों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे।
यह भी पढ़ें: रामगढ़ नगर परिषद चुनाव में आदर्श आचार संहिता उल्लंघन मामले को लेकर JLKM पर प्राथमिकी दर्ज
प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया है कि ट्रक चालक नशे में था और करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रक चला रहा था। ट्रक पहले एक ऑटो को करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गया, फिर दूसरे ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। एडीसीपी आदित्य कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है।


