जमशेदपुर: शहर के व्यवसायी और आदित्यपुर स्माल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एसिया) के उपाध्यक्ष देवांग गांधी के पुत्र कैरव गांधी का सात दिन बाद भी सुराग नहीं मिला है। जमशेदपुर पुलिस ने रांची के नामकुम तक सीसीटीवी कैमरे को खंगाला है, लेकिन संदिग्ध स्कॉर्पियो का फुटेज नहीं दिखा है। हालांकि बुंडू टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरे में संदिग्ध स्कॉर्पियो निकलते दिखा है। ऐसे में कयास लगाये जा रहे हैं कि कैरव गांधी को लेकर बदमाश बुंडू के बाद किसी अन्य रास्ते से पलामू से बिहार गए होंगे।
Highlights:
कैरव गांधी का पता लगाने के लिए पुलिस ने अब तक जमशेदपुर, चांडिल व सराइकेला के 40 से ज्यादा चिह्नित अपराधियों से पूछताछ कर चुकी है, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इसमें बिहार के भी दो संदिग्ध अपराधी है, लेकिन पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी से इनकार किया है।
शहर के युवा उद्यमी कैरव गांधी के अपहरण ने एक बार फिर पुलिस और उद्यमी जगत की नींद उड़ा दी है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस की शक की सुई चंदन सोनार और अजय सिंह पर जाकर अटक गई है, दोनों किडनैपिंग किंग के नाम से कुख्यात है। झारखंड, विशेषकर रांची में चंदन सोनार के नेटवर्क को संभालने का जिम्मा राकेश सिंह नामक अपराधी के पास है। दूसरा नाम अजय सिंह का आता है जो बिहार के औरंगाबाद का रहने वाला है अजय सिंह का भी गैंग काफी फैला हुआ है
चंदन सोनार छोटे-मोटे अपराध नहीं करता। उसका निशाना हमेशा अरबपति कारोबारी होते हैं। एक अनुमान के मुताबिक, वह अब तक देश भर में 50 से ज्यादा बड़े उद्योगपतियों का अपहरण कर चुका है और फिरौती के रूप में 500 करोड़ रुपये से अधिक की रकम वसूल चुका है।
अजय ने भी एक ऐसा सिंडिकेट तैयार किया है जो पुलिस की हर चाल को पहले ही भांप लेता है। कैरव गांधी के अपहरण का तरीका, रूट और सन्नाटा ठीक वैसा ही है, जैसा अजय सिंह के पिछले कांडों में देखा गया है। यही वजह है कि पुलिस को यकीन है कि इस वारदात के तार कहीं न कहीं इसी किडनैपिंग किंग से जुड़े हैं। आधिकारिक तौर पर पुलिस अभी कुछ कहने को तैयार नहीं है।
डीजीपी से मिले कुणाल षाडंगी
आज राँची में राज्य की डीजीपी तदाशा मिश्रा जी से मुलाकात की। इस दौरान उनसे हाल ही में जमशेदपुर के प्रतिष्ठित व्यवसायी देवन गांधी के पुत्र युवा व्यवसायी केरव गांधी के अपहरण मामले पर चर्चा की और आग्रह किया कि झारखंड पुलिस कैरव गांधी की सकुशल घरवापसी सुनिश्चित करे। ग़ालूडीह के पुतड़ू गाँव निवासी तारापदो महतो की हत्या के मामले पर भी चर्चा हुई और पूरे घटनाक्रम में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से शामिल सभी अभियुक्तों की जल्द गिरफ़्तारी सुनिश्चित करवाने का आग्रह किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि जाँच बिल्कुल सही दिशा में जा रही है। जल्द ही कैरव गांधी सकुशल अपने परिवार जनों के साथ होंगे। तारपादो महतो के हत्या के मामले पर भी जिला पुलिस पूरी तत्परता के साथ लगी है और अपराधी किसी सूरत में नहीं बचेंगे


