Sunday, November 1, 2026

IRCTC केस में राबड़ी देवी को दिल्ली HC से राहत की उम्मीद, CBI से मांगा जवाब

बिहार : बिहार की राजनीति इन दिनों पूरी तरह सियासी सरगर्मियों में डूबी हुई है। एक ओर सत्ताधारी गठबंधन एनडीए दही-चूड़ा भोज के जरिए अपनी एकजुटता दिखाने में जुटा है, तो दूसरी ओर IRCTC घोटाले को लेकर लालू परिवार की कानूनी मुश्किलें एक बार फिर सुर्खियों में हैं। वहीं, चुनावी हार और विदेश यात्रा के बाद विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव भी सक्रिय नजर आने लगे हैं। बिहार की राजनीति से जुड़ी इन्हीं अहम घटनाओं पर एक नजर।

राबड़ी देवी की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट सख्त

IRCTC घोटाले को लेकर लालू परिवार की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने ट्रायल कोर्ट द्वारा आरोप तय किए जाने के फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी है। इस याचिका पर सुनवाई करते हुए दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। राबड़ी देवी ने अदालत में दलील दी है कि उनके खिलाफ बिना ठोस सबूतों के केवल अनुमान के आधार पर आरोप तय किए गए हैं।

क्या है IRCTC घोटाला मामला

IRCTC घोटाला वर्ष 2017 में दर्ज की गई CBI की एफआईआर से जुड़ा हुआ है। यह मामला लालू प्रसाद यादव के रेल मंत्री कार्यकाल के दौरान रांची और जगन्नाथ पुरी स्थित बीएनआर होटलों के संचालन और कॉन्ट्रैक्ट में कथित अनियमितताओं से संबंधित है। CBI का आरोप है कि होटल संचालन के बदले लालू परिवार को लाभ पहुंचाया गया। इसी मामले में राबड़ी देवी समेत परिवार के अन्य सदस्यों पर भी आरोप तय किए गए हैं।

तेजस्वी यादव फिर सक्रिय

इधर, बिहार विधानसभा चुनाव में मिली हार और विदेश यात्रा के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं। शुक्रवार को उनके पटना स्थित आवास पर पार्टी की अहम बैठक आयोजित की गई है। इस बैठक में आगामी राजनीतिक रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और मौजूदा सियासी हालात पर चर्चा की जा रही है। माना जा रहा है कि तेजस्वी यादव आने वाले दिनों में सरकार और एनडीए पर हमलावर रुख अपना सकते हैं।

बिहार की राजनीति में हलचल तेज

कुल मिलाकर बिहार की राजनीति में इन दिनों हलचल तेज है। एक तरफ बीजेपी और एनडीए दही-चूड़ा भोज के जरिए सियासी संदेश दे रहे हैं, तो दूसरी ओर IRCTC घोटाले में कानूनी मोर्चे पर राबड़ी देवी की याचिका ने सियासत को फिर गरमा दिया है। वहीं, विपक्ष भी नए सिरे से अपनी रणनीति तैयार करने में जुटा हुआ है। आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति और ज्यादा दिलचस्प होने के आसार हैं।

एयर नाऊ स्पेशल

Radhakrishna Kishore Podcast: राजनीति में आने की वजह से...

Radhakrishna Kishore Podcast: झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर अपने बेबाक अंदाज और साफगोई के लिए जाने जाते हैं। एयरनाऊ के खास पॉडकास्ट...
- Advertisement -spot_img

सोशल मीडिया

25,000FansLike
40,000FollowersFollow
500FollowersFollow
113,000SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग ख़बर