रांची: झारखंड पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर पुलिस पदाधिकारियों को प्रमोशन दिया गया है। डीजीपी की अध्यक्षता में आयोजित चयन पर्षद की बैठक में आयुधिक अवर निरीक्षक (आर्मरर सब-इंस्पेक्टर / आयुधिक जमादार) से आयुधिक निरीक्षक (आर्मरर इंस्पेक्टर / आयुधिक सूबेदार) पद पर प्रोन्नति देने का फैसला लिया गया। इस संबंध में पुलिस मुख्यालय की ओर से आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिया गया है।
Highlights:
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
13 रिक्त पदों पर हुई प्रोन्नति प्रक्रिया
गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग, झारखंड द्वारा इस संवर्ग में कुल 17 पद स्वीकृत हैं, जिनमें फिलहाल 13 पद खाली थे। इनमें सामान्य वर्ग के 9 पद, अनुसूचित जनजाति के 3 पद और अनुसूचित जाति के लिए 1 पद शामिल था। रोस्टर क्लीयरेंस मिलने के बाद क्षेत्रीय चयन पर्षद ने कुल 20 पात्र आर्मरर सब-इंस्पेक्टर्स के नामों की अनुशंसा की थी। चयन समिति ने सभी कर्मियों की सेवा पुस्तिका, सेवा अभिलेख और वार्षिक गोपनीय चरित्रावली (ACR) की समीक्षा के बाद प्रमोशन पर अंतिम निर्णय लिया।
इन अधिकारियों को मिला प्रमोशन
जिन पुलिस पदाधिकारियों को आयुधिक निरीक्षक पद पर प्रोन्नति दी गई है, उनमें सुनील कुमार सिंह, भरत चन्द्र पासवान, विश्वनाथ तिर्की, बैजु रजक, रमेश भगत, सरफराज खां, रविन्द्र कुमार, साधु प्रसाद, मनोज शेरपा, रामनयन यादव, राजेन्द्र टुडू, संजय कुमार, शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, मो. अरशद खां, सरोज सिंह कुशवाहा, अजीत कुमार भारती, जय प्रकाश सिंह और सुन्नीराम मुर्मू शामिल हैं।
दो अधिकारियों का मामला लंबित
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, मिंज नामक अधिकारी के खिलाफ विभागीय जांच चल रही है। इसी कारण उनका मामला फिलहाल लंबित रखा गया है। वहीं नेलशन धान को अयोग्य घोषित किया गया है। बताया गया है कि एएसआई पद पर प्रोन्नति मिलने के बाद निर्धारित एक वर्ष के भीतर उन्होंने हिंदी टिप्पण एवं प्रारूपण परीक्षा पास नहीं की, जिसके कारण उन्हें प्रमोशन के लिए अयोग्य माना गया।


