झारखंड : बिहार में विधानसभा चुनाव की घोषणा होने के बाद पूरे राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू है. इसी क्रम में सीमावर्ती इलाकों में दूसरे राज्य से बिहार में प्रवेश करने वाले वाहनों की जांच भी जारी है. शुक्रवार को हजारीबाग और बिहार के बार्डर स्थित चेक पोस्ट पर संयुक्त वाहन जाँच अभियान के दौरान हजारीबाग पुलिस ने भारी मात्रा में नकदी बरामद की है. हजारीबाग पुलिस के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है.
हजारीबाग पुलिस की ओर से जारी सूचना के मुताबिक बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करने के लिए जिला अंतर्गत चौपारण में जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त वाहन जाँच अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में गुरूवार शाम लगभग साढ़े आठ बजे चौपारण थाना अंतर्गत चोरदाहा चेक पोस्ट पर पंचायत सचिव केदार साव एवं सहायक निरीक्षक राज कुमार सिंह के नेतृत्व में एक संयुक्त छापामार दल ने वाहन चेकिंग के दौरान वाहन संख्या JH02BV-0702 को रोककर जाँच की तो गाड़ी में मौजूद दिल्ली निवासी आकृति कनौजिया के बैग से साढ़े सोलह लाख रुपये मिले. इस संबंध में कनौजिया के पास कोई संतोषजनक दस्तावेज या औचित्य का प्रमाण नहीं था. इसके बाद राशि को जब्त करते हुए अग्रेत्तर कार्रवाई की जा रही है.
Also Read : आर्मी लैंड स्कैम : सुप्रीम कोर्ट ने रांची पूर्व डीसी छवि रंजन को दी जमानत
छापामार दल में शामिल पदाधिकारी व कर्मियों में चौपारण के अंचल पदाधिकारी संजय कुमार यादव, चौपारण थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर सरोज सिंह चौधरी के अलावा चौपारण थाना के कई अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे. पुलिस अधिकारियों के अनुसार चुनाव आयोग द्वारा जारी आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं जाँच अभियान लगातार जारी रहेगा.


