न्यूज डेस्क : पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के सरकारी अस्पताल पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) के चिल्ड्रेन वॉर्ड में आग लगने से 14 नवजात की मौत हो गई. अस्पताल के कार्यकारी निदेशक इमरान सिकंदर ने बच्चों की मौत की पुष्टि की है. इस्लामाबाद ज़िला प्रशासन के मुताबिक, आग अस्पताल के एमसीएच वॉर्ड की तीसरी मंजिल पर लगी. आग लगने की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौक़े पर पहुँच गए.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : मशहूर अमेरिकी सिंगर डॉली पार्टन का 80 साल की उम्र में निधन, राष्ट्रपति ट्रंप ने ये कहा
घटना के संबंध में प्रशासन ने बताया कि आग पर तुरंत काबू पा लिया गया और बच्चों को आईसीयू में ले जाया गया. घटना की जांच के लिए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर जनरल की अध्यक्षता में एक समिति बनाई गई है. समिति आग लगने के कारणों की जांच करेगी.
इससे पहले अस्पताल की प्रवक्ता डॉ. अनीजा जलील ने कहा था कि किसी बच्चे की मौत की पुष्टि नहीं हुई है. आग एयर कंडीशनिंग यूनिट में लगी थी और ऑक्सीजन कनेक्शन की वजह से तेजी से फैल गई. हादसे के समय वार्ड में 15 बच्चे भर्ती थे. घटना के बाद मुख्य आयुक्त और इस्लामाबाद पुलिस प्रमुख मौके पर पहुंचे.
प्रधानमंत्री ने जताया दुःख
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ़ ने इस्लामाबाद के पीआईएमएस अस्पताल के बच्चों के वार्ड में आग लगने की घटना पर गहरा दुख जताया है. प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, शहबाज शरीफ ने घटना पर “गहरा दुख और हार्दिक खेद” व्यक्त किया. उन्होंने अधिकारियों को हादसे की तुरंत जांच करने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि बच्चों से जुड़ी ऐसी घटना की भरपाई संभव नहीं है. उन्होंने मासूम बच्चों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस दुखद घटना से उनका दिल बेहद दुखी है.

