लखनऊ: लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों और वाहनों को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 6 साल के एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घटना के एक घंटे के भीतर 12वीं के छात्र चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
Highlights:
यह हादसा कानपुर रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास शाम करीब 7 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार लखनऊ से कानपुर की ओर जा रही थी और तेज रफ्तार में थी। सबसे पहले कार ने सड़क किनारे खड़ी एक बाइक को टक्कर मारी। बाइक मालिक प्रमोद कुमार सहिजनपुर के रहने वाले हैं और उस समय दुकान पर सामान लेने गए थे।
लोगों को रौंदते हुए आगे बढ़ी कार
बाइक से टक्कर के बाद जब लोग कार चालक को पकड़ने के लिए दौड़े तो उसने गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी। इस दौरान उसने बाजार में मौजूद 12 वर्षीय अरमान को टक्कर मार दी। इसके बाद करीब 100 मीटर आगे खड़ी उन्नाव जिले के अटवा खुर्द निवासी संजय पटेल की पत्नी साधना पटेल (35), उनकी मां मीना देवी (60) और 6 साल के बेटे दीक्षांत को भी कार ने अपनी चपेट में ले लिया। दीक्षांत की मौके पर ही मौत हो गई। वह अपनी नानी के साथ पहली बार बाजार आया था। सूचना मिलने पर उसकी मां अस्पताल पहुंची और बेटे का शव देखकर बिलख पड़ी।
कार चालक ने सोहरामऊ के पथरहा गांव निवासी ई-रिक्शा चालक अवध बिहारी (42) को भी टक्कर मार दी। इसके बाद आगे खड़ी एक ऑटो में भी जोरदार टक्कर मारी। घटना के बाद चालक कार समेत मौके से फरार हो गया।
आरोपी निकला 12वीं का छात्र
पुलिस जांच में सामने आया कि कार चला रहा युवक 12वीं का छात्र है और अवध कॉलेजिएट में पढ़ता है। वह अपनी एक क्लासमेट के साथ मोहन रोड स्थित फेयरवेल पार्टी से लौट रहा था। हादसे के बाद कार रुकते ही लड़की वहीं उतर गई। स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। एसीपी कृष्णा नगर रजनीश वर्मा ने बताया कि पुलिस ने कार को ट्रेस कर आरोपी छात्र को एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया और वाहन भी जब्त कर लिया है।
इस हादसे में कुल छह लोग घायल हुए, जिनमें से पांच की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही वाहन की रफ्तार और दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है। यह घटना एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करती है।


