न्यूज डेस्क : केंद्र सरकार के कड़े रुख के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X ने बड़ी कार्रवाई की है. कंपनी ने प्लेटफॉर्म से करीब 600 अकाउंट्स को डिलीट कर दिया है और 3500 से अधिक पोस्ट भी हटा दी हैं. यह कदम भारत सरकार द्वारा एक्स प्लेटफॉर्म पर मौजूद अश्लील सामग्री पर कड़ी आपत्ति जताए जाने के बाद उठाया गया है. X ने सरकार को आश्वासन दिया है कि वह भविष्य में ऐसी सामग्री के प्रकाशन की अनुमति नहीं देगा और सरकारी नियमों का पूरी तरह पालन करेगा.

यह कार्रवाई केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा जारी की गई चेतावनी के ठीक एक हफ्ते बाद सामने आई है. मंत्रालय ने X के AI चैटबॉट ‘ग्रोक’ पर AI के दुरुपयोग का आरोप लगाया था. सरकार के अनुसार, ग्रोक का इस्तेमाल महिलाओं को अशोभनीय रूप से बदनाम करने और उनकी ‘अपमानजनक या अश्लील’ तस्वीरें और वीडियो बनाने के लिए किया जा रहा था.मंत्रालय ने X को स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि 72 घंटे की समय सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं की गई, तो कंपनी को कानूनी समस्याओं का सामना करना पड़ेगा. गौरतलब है कि एलन मस्क के एक्स ‘ग्रोक’ पर महिलाओं और बच्चों की अश्लील तस्वीरें बनाने के आरोप केवल भारत में ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर लग रहे हैं. भारत के अलावा फ्रांस, ब्राजील, मलेशिया और यूरोपीय संघ (EU) ने भी इस मुद्दे पर अपनी चिंता जाहिर की है.

यह मामला तब सामने आया जब शिवसेना (UBT) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने 2 जनवरी को X के एआई चैटबॉट Grok के गलत इस्तेमाल को लेकर आईटी मंत्रालय को पत्र लिखा था। इसके बाद केंद्र सरकार ने X को निर्देश दिया कि Grok के जरिए बनाई जा रही अश्लील और फूहड़ सामग्री को तुरंत हटाया जाए, नहीं तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। X ने कहा कि भारत उसके लिए एक बड़ा बाजार है और कंपनी यहां के नियमों और कानूनों का सम्मान करेगी। कंपनी के मुताबिक, यह कदम कंटेंट मॉडरेशन को और मजबूत बनाने के लिए उठाया गया है।
हालांकि, प्रियंका चतुर्वेदी ने इस कार्रवाई पर सवाल भी उठाए हैं। उन्होंने X पर पोस्ट कर कहा कि प्लेटफॉर्म ने आपत्तिजनक और यौन रूप से उत्तेजक इमेज जेनरेशन को पूरी तरह बंद करने के बजाय सिर्फ पेड यूजर्स तक सीमित कर दिया है। उनका आरोप है कि इससे महिलाओं और बच्चों की तस्वीरों के अनधिकृत दुरुपयोग का खतरा बना रहता है। उन्होंने इसे निंदनीय बताते हुए कहा कि ऐसे व्यवहार को मॉनिटाइज करना शर्मनाक है।


