पटना: बिहार में नई सरकार बनने के बाद राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया है, जिसमें मिथिलेश तिवारी को शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हालांकि, शिक्षा मंत्री का पद संभालने के तुरंत बाद ही मिथिलेश तिवारी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दो वीडियो को लेकर विवादों में घिर गए हैं। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने वीडियो में दिए गए उनके बयान और सार्वजनिक गतिविधियों को लेकर तीखी आलोचना की है।
Highlights:
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
लड़कियों और शिक्षा पर बयान से बढ़ा विवाद
वायरल हो रहे एक वीडियो में मिथिलेश तिवारी शिक्षा और लड़कियों को लेकर बयान देते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वे कहते नजर आ रहे हैं, “शिक्षा की क्या जरूरत है… हमारे घरों की बेटियाँ हमारी ताकत हैं… वे हमारी समृद्धि की नींव हैं… जब मोदी जी महिला सशक्तिकरण की बात कर रहे हैं तो इन बेटियों को सड़कों पर उतरने की क्या जरूरत है?” वीडियो में जब कोई व्यक्ति अधिकारों के लिए कहता है, तो मंत्री जवाब देते हैं, “आपको आपके अधिकार तो वैसे भी मिल जाएंगे।” इस बयान के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं तेज हो गईं और कई यूजर्स ने मंत्री की आलोचना की।
कांग्रेस नेता श्रीनिवास बीवी ने साधा निशाना
कांग्रेस नेता श्रीनिवास बीवी ने भी इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए तंज कसा। उन्होंने लिखा, “मिलिए बिहार के नए शिक्षा मंत्री से… थूकना मत भूलिएगा।” इसके बाद यह मामला राजनीतिक बहस का विषय बन गया।
आरजेडी ने धार्मिक वीडियो को लेकर किया हमला
इसी बीच राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने मिथिलेश तिवारी का एक और वीडियो शेयर किया, जिसमें वे मंदिर जाते और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेते दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो को साझा करते हुए आरजेडी ने राज्य सरकार की शिक्षा नीतियों पर सवाल उठाए। पार्टी ने अपने पोस्ट में लिखा कि ये हैं बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी। नीतीश कुमार ने 21 वर्षों में बिहार की कभी मजबूत रही शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है और अब तिवारी जी झाड़-फूंक और अनुष्ठानों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देंगे।
तेजस्वी यादव के कार्यकाल का भी किया जिक्र
आरजेडी ने अपने बयान में तेजस्वी यादव का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा विभाग संभालते हुए कम समय में लाखों शिक्षकों की भर्ती की थी। पार्टी ने आरोप लगाया कि अब नौकरी की मांग करने वाले अभ्यर्थियों को पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें: NEET UG 2026 परीक्षा पर फिर उठे सवाल, राजस्थान में सैंपल पेपर मामले की जांच तेज
मंत्री की ओर से नहीं आई प्रतिक्रिया
फिलहाल वायरल वीडियो और विपक्ष के आरोपों को लेकर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, सोशल मीडिया पर यह मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है और राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

