न्यूज डेस्क : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्धविराम को और बढ़ा दिया है. हालांकि, उन्होंने कहा है कि नाकाबंदी अभी भी जारी रहेगी. डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, “ईरान की सरकार अंदरूनी तौर पर बंटी हुई है, जैसी उम्मीद थी. पाकिस्तान के फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने मांग की है कि ईरान पर हमला तब तक रोके रखें जब तक उनके नेता और प्रतिनिधि एक साझा प्रस्ताव लेकर नहीं आते.”
Highlights:
ट्रंप ने लिखा, “इसलिए मैंने हमारी सेना को आदेश दिया है कि नाकाबंदी जारी रखी जाए और बाकी मामलों में पूरी तरह तैयार रहें. युद्धविराम को तब तक बढ़ाया जाएगा जब तक उनका प्रस्ताव सामने नहीं आता और बातचीत पूरी नहीं होती, चाहे नतीजा कुछ भी हो.”
इसे भी पढ़ें: पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया भावुक संदेश
जेडी वेंस की पाकिस्तान यात्रा रद्द
इसके बाद व्हाइट हाउस ने यह पुष्टि की है कि उप राष्ट्रपति जेडी वेंस की पाकिस्तान यात्रा रद्द कर दी गई है. वेंस इस महीने दूसरी बार इस्लामाबाद जाने वाले थे. वह बुधवार को पहुंचने वाले थे ताकि ईरानी अधिकारियों के साथ समझौते को अंतिम रूप दिया जा सके.
पाकिस्तान की प्रतिक्रिया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के साथ युद्धविराम को अनिश्चित समय तक बढ़ाने के एलान पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने ट्रंप का शुक्रिया अदा किया है. पीएम शहबाज़ शरीफ़ ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “मैं दिल से राष्ट्रपति ट्रंप का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने हमारी गुज़ारिश मानकर युद्धविराम बढ़ाया, ताकि कूटनीतिक कोशिशें आगे बढ़ सकें.”
शरीफ़ ने कहा, “पाकिस्तान भरोसे और विश्वास के साथ बातचीत से हल निकालने की कोशिश जारी रखेगा. मुझे उम्मीद है कि दोनों पक्ष युद्धविराम का पालन करेंगे और इस्लामाबाद में होने वाली दूसरे दौर की बातचीत में एक स्थायी ‘शांति समझौता’ कर पाएंगे, जिससे संघर्ष का हमेशा के लिए अंत हो सके.”


