जबलपुर : मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुए दर्दनाक हिट एंड रन हादसे के बाद लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा है। हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है, जिसके बाद नाराज परिजन और स्थानीय ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते सड़क पर करीब 5 से 6 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई है। चक्काजाम कर रहे लोग मृतकों के परिजनों को मुआवजा बढ़ाने और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे हैं। मौके पर लगातार नारेबाजी हो रही है, जिससे माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
Highlights:
कैसे हुआ हादसा
यह हादसा रविवार दोपहर उस समय हुआ, जब बरेला से जबलपुर की ओर आ रही तेज रफ्तार सफेद रंग की कार ने सड़क किनारे बैठे 13 मजदूरों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दुर्घटना में शामिल कार बिना नंबर प्लेट की थी। हादसे में चैनवती बाई (40) और लच्छो बाई (40) की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 11 मजदूर घायल हुए थे। रविवार देर रात इलाज के दौरान तीन और घायलों ने दम तोड़ दिया, जिनमें गोमता बाई, पति नवाबी लाल (40), वर्षा कुशराम, पति कमलेश (45) कृष्णा बाई, पति संजू (40) शामिल हैं।
आरोपी चालक अब भी फरार
घटना के बाद से आरोपी कार चालक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। जांच में चालक की पहचान मझौली निवासी लखन सोनी के रूप में हुई है। बताया गया है कि कार दीपक सोनी के नाम पर रजिस्टर्ड है, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पेशे से फिजियोथेरेपिस्ट लखन सोनी फिलहाल फरार है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई है। टीम घटनास्थल से लेकर आसपास के इलाकों और टोल नाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा। हादसे के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।


