धनबाद : केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी दो दिवसीय दौरे पर धनबाद पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने बैलगड़िया टाउनशिप का दौरा किया, जो दुनिया के सबसे बड़े विस्थापन स्थलों में शामिल है। मंत्री ने झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकरण (JRDA) द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों का जायजा लिया और विस्थापित परिवारों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

बैलगड़िया टाउनशिप में केंद्रीय मंत्री ने सोलर स्ट्रीट लाइट का उद्घाटन किया। साथ ही फेज-6, 7 और 8 के बैलेंस डेवलपमेंट वर्क का शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान JRDA के प्रशासनिक भवन का भी उद्घाटन किया गया। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्र, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया गया और ई-रिक्शा का वितरण कर आम लोगों को समर्पित किया गया।
इस अवसर पर केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि झरिया क्षेत्र में पिछले 100 वर्षों से अधिक समय से भूमिगत कोयला आग की गंभीर समस्या बनी हुई है। जमीन के नीचे आग, धुआं और जहरीली गैस निकलने से लोगों में हमेशा डर का माहौल बना रहता है। इसी वजह से भारत सरकार और राज्य सरकार मिलकर झरिया के विस्थापित लोगों के लिए सुरक्षित और आधुनिक टाउनशिप विकसित कर रही हैं।


