हजारीबाग: हजारीबाग पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत जिले में आम नागरिकों के खोये एवं चोरी हुए कुल 135 मोबाईल फोन को बरामद कर लिया है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक द्वारा बरामद किए गए मोबाईल फोन को उनके वास्तविक स्वामियों को विधिवत सुपुर्द किया गया।
Highlights:
कैसे हुई बरामदगी?
जिले में लगातार आ रहे फोन चोरी के मामलों को देखते हुआ हजारीबाग पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर ऑपरेशन मुस्कान चलाया गया। जिसके बाद इन मोबाईल फोन को पुलिस की तकनीकी टीम की महीनों की कड़ी मेहनत के बाद बरामद किया गया। टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान, IMEI ट्रैकिंग और डिजिटल डेटा के माध्यम से इन फोनों को ट्रेस किया। दरअसल जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मिली शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए ये मोबाइल बरामद किए गए।
पुलिस की अपील
इस अवसर पर एसपी अंजनी अंजन ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने कीमती सामान के प्रति सजग रहें। इसके साथ ही उन्होंने कुछ महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कहा कि मोबाइल चोरी या गुम होने पर तुरंत नजदीकी थाने में सनहा या प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराएं। इसके साथ ही भारत सरकार के CEIR पोर्टल पर अपने फोन को ब्लॉक और रिपोर्ट करना न भूलें। और सार्वजनिक स्थानों पर मोबाइल का उपयोग करते समय सतर्क रहें।


