रांची: झारखंड में JSSC CGL परीक्षा गड़बड़ी मामले की जांच कर रही सीआईडी ने JSSC के अधिवक्ता संजोय पिपरवाल को समन जारी कर पूछताछ के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया है. उल्लेखनीय है कि JSSC-CGL परीक्षा के संचालन, संभावित अनियमितताओं और प्रश्नपत्र लीक के दावों को लेकर राज्य भर में उठे विवाद के बाद CID की SIT इस पूरे मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है. SIT यह जानना चाहती है कि परीक्षा प्रक्रिया, विवादों के उत्पन्न होने पर आयोग के कानूनी कदम, और प्रशासनिक निर्णयों में क्या प्रक्रिया अपनाई गई थी.
इसे भी पढ़ें : JSSC CGL व JPSC की कई परीक्षाओं को रद्द करने के मामला, झारखंड हाईकोर्ट में आज अहम सुनवाई
आयोग की तरफ से अदालती मामलों में रखी गई दलीलों और परीक्षा से जुड़े कानूनी दस्तावेजों के संदर्भ में संजोय पिपरवाल से सवाल-जवाब किए जाएंगे. जांच टीम परीक्षा एजेंसी, आयोग के पदाधिकारियों और कानूनी सलाहकारों के बीच हुए पत्राचार व निर्णयों के समय का मिलान कर रही है. SIT अब तक इस मामले में आयोग के कई अधिकारियों, परीक्षा संचालन से जुड़ी बाहरी एजेंसियों के प्रतिनिधियों और अन्य संदिग्धों से पूछताछ कर चुकी है. इस पूछताछ में अधिवक्ता संजोय पिपरवाल से कानूनी पहलुओं पर बातचीत की जा सकती है.


