रांची : राजधानी के टाटीसिल्वे इलाके में शनिवार को आयोजित डोल मेले में उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर भीड़ में जा घुसी। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब आठ लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज गति में थी और अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया। इसके बाद कार सीधे मेले में मौजूद लोगों के बीच घुस गई, जिससे कई लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और मेले में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद चालक कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि कार का नंबर जमशेदपुर का है।


