Sunday, May 31, 2026

मध्य प्रदेश में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर हुई दुर्घटनाग्रस्त, 6 की मौत व 30 से अधिक लोग घायल

न्यूज डेस्क : मध्य प्रदेश के अनूपपुर और उमरिया जिले की सीमा पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पुष्पराजगढ़ तहसील क्षेत्र के करनपठार थाना अंतर्गत सरई चौकी के तिवनी गांव के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिया से नीचे गिर गई। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-

ट्रैक्टर पलटने से नीचे गिरे लोग

पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने बताया कि गिंजरी और पड़मनिया गांव के ग्रामीण परिवार बिजौरा ग्राम पंचायत के तिवनी जंगल में पूजा करने गए थे। शाम को वापस लौटते समय पुलिया के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद ट्रॉली में सवार लोग करीब 10 फीट नीचे जा गिरे। बताया जा रहा है कि ट्रॉली में करीब 40 से अधिक लोग सवार थे।

हादसे में महिलाएं व बच्चे घायल

हादसे की सूचना मिलते ही उमरिया जिले के पाली थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से पाली अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी गंभीर घायलों को शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार हादसे में 22 पुरुष, 14 महिलाएं और 5 बच्चे घायल हुए हैं। अस्पताल में घायलों के पहुंचने के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में परिजन भी अस्पताल पहुंचे और अपनों की जानकारी लेने में जुटे रहे।

छह लोगों की गई जान

हादसे में दो लोगों की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि चार अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान घनश्याम सिंह (45 वर्ष), भूपत सिंह (50 वर्ष) निवासी पड़मनिया, सहबल बैगा (55 वर्ष) और बीर सिंह (60 वर्ष) निवासी गिंजरी के रूप में हुई है। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर चालक तेज गति से वाहन चला रहा था। पुलिया के पास मोड़ पर चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाया, जिसके कारण ट्रॉली पलट गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

घायलों से मुलाकात

हादसे की जानकारी मिलते ही कलेक्टर हर्षल पंचोली शहडोल मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। साथ ही परिजनों को ढांढस बंधाया और प्रशासन की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। राज्य सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 4-4 लाख रुपये और संबल योजना के तहत भी 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।

यह भी पढ़ें: हरियाणा के फरीदाबाद में इंटरनेट सेवा बंद, मंदिर-मस्जिद पर बुलडोजर एक्शन से जुड़ा है मामला

Air Now के यूट्यूब चैनल को देखने के लिए यहां क्लिक करें:-

एयर नाउ स्पेशल

तमिलनाडु, केरल और बंगाल में सत्ता संभालते ही अलग...

न्यूज डेस्क: देश के कई राज्यों में नई सरकारों ने सत्ता संभालने के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर खुद को अलग दिखाने की...
- Advertisement -spot_img
App Logo

Download Our App

Download Now ➥

ट्रेंडिंग खबर