न्यूज डेस्क: कर्नाटक की राजनीति में बड़ा बदलाव तय हो गया है। कांग्रेस विधायक दल की शनिवार शाम बेंगलुरु में हुई बैठक में डीके शिवकुमार को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। इसके साथ ही अब उनका राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनना लगभग तय हो गया है। बैठक में कार्यवाहक मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने खुद डीके शिवकुमार के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी।
Highlights:
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
3 जून को शपथ ग्रहण समारोह
कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) के कार्यकारी अध्यक्ष चंद्रशेखर ने बताया कि नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 3 जून को बेंगलुरु स्थित लोक भवन के ग्लास हाउस में आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में कांग्रेस के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, नई सरकार में राजनीतिक और क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने के लिए चार डिप्टी मुख्यमंत्री भी बनाए जा सकते हैं। हालांकि इस पर अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान की सहमति के बाद लिया जाएगा।
कैबिनेट में होंगे बड़े बदलाव
नई सरकार के गठन के साथ ही मंत्रिमंडल में भी बड़े बदलाव किए जा सकते हैं। जानकारी के अनुसार, मौजूदा कैबिनेट से करीब 10 मंत्रियों को हटाया जा सकता है। इसके अलावा नई कैबिनेट में कई नए चेहरों को मौका मिलने की संभावना है। सूत्रों का कहना है कि डीके शिवकुमार की टीम में सिद्धारमैया गुट और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के करीबी नेताओं को भी जगह मिल सकती है। चर्चा है कि सिद्धारमैया और खड़गे के बेटे भी मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं।
सिद्धारमैया ने 28 मई को दिया था इस्तीफा
गौरतलब है कि सिद्धारमैया ने 28 मई को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफे के अगले ही दिन वह दिल्ली पहुंचे थे, जहां उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की थी। इसी बैठक में नए नेतृत्व को लेकर अंतिम चर्चा हुई थी। कर्नाटक कांग्रेस में पिछले कई महीनों से नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चा चल रही थी। डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया दोनों ही पार्टी के बड़े चेहरे माने जाते हैं। ऐसे में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर पार्टी के भीतर कई दौर की बातचीत हुई थी। अब विधायक दल की मंजूरी के बाद डीके शिवकुमार के नेतृत्व में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है।
यह भी पढ़ें: झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री आवास फिर पहुंचे कांग्रेस नेता, सीएम हेमंत संग की अहम बैठक


