स्पोर्ट्स डेस्क: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 66वां मुकाबला आज यानी गुरुवार को गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा। यह मैच नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। इस मुकाबले पर सभी की नजरें टिकी हैं, क्योंकि चेन्नई के लिए यह मैच बेहद अहम माना जा रहा है।
Highlights:
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
चेन्नई के लिए जीत जरूरी
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है। टीम ने अब तक 13 मैचों में 6 जीत हासिल की है और 12 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर है। अगर चेन्नई को प्लेऑफ की उम्मीद कायम रखनी है तो उसे हर हाल में यह मैच जीतना होगा। हार मिलने पर टीम की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
वहीं दूसरी ओर कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई वाली गुजरात टाइटंस शानदार फॉर्म में है। टीम 13 में से 8 मुकाबले जीतकर 16 अंकों के साथ अंक तालिका में दूसरे नंबर पर मौजूद है। गुजरात पहले ही प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर चुकी है और अब उसकी नजर टॉप-2 में बने रहने पर होगी।
दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर
आईपीएल में गुजरात और चेन्नई के बीच अब तक कुल 9 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें गुजरात ने 5 मैच जीते हैं, जबकि चेन्नई को 4 मुकाबलों में जीत मिली है। इस सीजन दोनों टीमों की पहली भिड़ंत 26 अप्रैल को एमए चिदंबरम स्टेडियम में हुई थी। उस मैच में गुजरात ने चेन्नई को 8 विकेट से हराया था।
गुजरात के बल्लेबाज साई सुदर्शन इस सीजन शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने 13 मैचों में 554 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 6 अर्धशतक शामिल हैं। उनका स्ट्राइक रेट 157.83 का रहा है, जो टीम की मजबूत बल्लेबाजी का बड़ा कारण बना हुआ है। गेंदबाजी में कगिसो रबाडा गुजरात के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने 13 मैचों में 21 विकेट हासिल किए हैं। रबाडा ने 9.22 की इकोनॉमी से रन दिए हैं और 25 रन देकर 3 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।
रोमांचक मुकाबले की उम्मीद
दोनों टीमों के बीच अब तक करीबी मुकाबले देखने को मिले हैं। एक ओर चेन्नई के लिए प्लेऑफ की उम्मीद बचाने का दबाव होगा, वहीं गुजरात जीत के साथ अपनी स्थिति और मजबूत करना चाहेगी। ऐसे में अहमदाबाद में क्रिकेट फैंस को एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।
यह भी पढ़ें: बेंगलुरु एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान एअर इंडिया का विमान रनवे से टकराया, टला बड़ा हादसा


