नई दिल्ली: एअर इंडिया की दिल्ली से बेंगलुरु जा रही फ्लाइट AI2651 गुरुवार को केंपेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार हो गई। विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया। विमानन भाषा में इस घटना को टेल स्ट्राइक कहा जाता है। हालांकि पायलट की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया और विमान को सुरक्षित तरीके से उतार लिया गया। घटना में किसी यात्री या क्रू सदस्य के घायल होने की खबर नहीं है। लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
Highlights:
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
वेक टर्बुलेंस बनी वजह
सूत्रों के अनुसार, एअर इंडिया की फ्लाइट के लैंड होने से कुछ समय पहले रनवे से एक बोइंग 747 विमान ने उड़ान भरी थी। उसके इंजनों से पैदा हुई तेज वेक टर्बुलेंस की वजह से एअर इंडिया विमान का संतुलन प्रभावित हुआ। बताया जा रहा है कि इसी कारण लैंडिंग के दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से छू गया। सूत्रों के मुताबिक, पायलट को पहले ही अंदाजा हो गया था कि लैंडिंग में दिक्कत आ सकती है। इसके बाद उसने नियमों के तहत गो-अराउंड करने का फैसला लिया। गो-अराउंड ऐसी प्रक्रिया होती है, जिसमें पायलट विमान को दोबारा हवा में ले जाकर सुरक्षित स्थिति बनने के बाद फिर से लैंडिंग की कोशिश करता है।
जांच के लिए विमान ग्राउंड किया गया
घटना के बाद विमान को जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया है। एयरलाइन और एयरपोर्ट अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना की जानकारी नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) को भी दे दी गई है। तकनीकी टीम विमान के नुकसान और घटना के कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद बेंगलुरु से दिल्ली जाने वाली वापसी फ्लाइट AI2652 को रद्द कर दिया गया है। एयरलाइन ने कहा है कि प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। एअर इंडिया की ग्राउंड टीम एयरपोर्ट पर यात्रियों की सहायता में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें: पुलवामा हमले के आरोपी हमजा बुरहान की PoK में गोली मारकर हत्या


