न्यूज डेस्क : तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद कल्याण बनर्जी ने दावा किया है कि रविवार को उन पर हमला हुआ और उनके सिर पर चोट आई है. घटना उस समय हुई जब वह हुगली ज़िले के चंडीतला थाने में एक प्रतिनिधिमंडल के साथ ज्ञापन सौंपने जा रहे थे. गौरतलब है कि इससे पहले अभिषेक बनर्जी पर शनिवार को सोनारपुर इलाक़े में हमला हुआ था. समाचार एजेंसी आईएएनएस की ओर से जारी किए गए वीडियो में नज़र आ रहा है कि कल्याण बनर्जी अपने सिर को पकड़े हुए हैं और फिर नीचे गिर जाते हैं.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले पर बोलीं ममता- ‘हेलमेट नहीं पहना होता तो हो सकती थी मौत’
बीजेपी पर लगाया आरोप
कथित हमले के बाद कल्याण बनर्जी ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कार्यकर्ताओं ने उनके साथ गाली-ग़लौज और हमला किया. बाद में सिर पर कपड़ा लगाए दिख रहे कल्याण बनर्जी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, “मैं अकेले आ रहा था, मेरे साथ कोई नहीं था. बीजेपी के लोगों ने गाली-ग़लौज की और मेरे सिर पर ड्यूक बॉल से हमला किया. मेरे सिर से ख़ून बह रहा है. सांसदों को बार-बार निशाना बनाया जा रहा है, अब लोग तय करेंगे कि यह सही है या ग़लत.”
ममता की प्रतिक्रिया
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने टीएमसी नेता कल्याण बनर्जी पर हमले के आरोप पर प्रतिक्रिया दी है.
ममता बनर्जी ने कहा, “कल (शनिवार) बीजेपी समर्थकों ने टीएमसी के लोकसभा में फ़्लोर लीडर अभिषेक बनर्जी पर बेरहमी से हमला किया और उनकी लिंचिंग की. इस भयावह घटना के वीडियो सार्वजनिक रूप से मौजूद हैं. आज लोकसभा में हमारे चीफ़ व्हिप कल्याण बनर्जी पर भी बीजेपी का एक सुनियोजित हमला हुआ.” ममता बनर्जी ने कहा, “बीजेपी लोकतंत्र की हत्या कर रही है.”
शनिवार को टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर सोनारपुर में हमला हुआ. इस मामले में पुलिस ने अब तक पांच लोगों को गिरफ़्तार किया है. वहीं, रविवार को टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने उन पर हमले का आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि उनके सिर पर चोट आई है.


