धनबाद: धनबाद में एटीएम मशीन से छेड़छाड़ कर लोगों के साथ ठगी करने वाले बिहार के दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवादा जिले के लखमोहना निवासी नितीश कुमार और नवादा न्यू एरिया निवासी सौरभ कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी एटीएम कार्ड फंसने का फायदा उठाकर लोगों के बैंक खातों से रुपये निकालते थे और कार्ड से खरीदारी भी करते थे।
मामले में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने धनबाद लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि 27 अक्टूबर की शाम धनबाद सिटी सेंटर के पास एटीएम से ठगी करने वाले दोनों युवकों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया था। सूचना मिलने पर पुलिस की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने ले गई।
इसे भी पढ़ें: धनबाद बरमूड़ी खटाल वासियों के समर्थन में सांसद ढुलू महतो की महापंचायत, विरोधियों पर साधा निशाना
शिकायतकर्ता के अनुसार, वह बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया। पीछे खड़े एक युवक ने उनकी मदद करने के बहाने पिन डालने को कहा और उनका गोपनीय पिन देख लिया। इसके बाद आरोपी ने उन्हें एक हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने की सलाह दी। शिकायतकर्ता को पेट्रोल पंप के पास भेजने के बाद आरोपी उनका एटीएम कार्ड लेकर फरार हो गए।
कुछ देर बाद शिकायतकर्ता के मोबाइल पर बैंक खाते से 15 हजार रुपये कटने का मैसेज आया। इसके बाद सिटी सेंटर स्थित रानी सती ज्वेलर्स से 32,800 रुपये और बाटा इंडिया की दुकान से 2,000 रुपये की खरीदारी के मैसेज भी मिले। ठगी का पता चलने पर शिकायतकर्ता अपने परिचितों के साथ संबंधित दुकानों पर पहुंचे। इसी दौरान दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बिहार और झारखंड के विभिन्न शहरों में इसी तरीके से ठगी करने की बात स्वीकार की है। उनके पास से बाटा कंपनी की तीन जोड़ी चप्पल बरामद की गई हैं। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी नितीश कुमार के खिलाफ देवघर साइबर क्राइम थाना में वर्ष 2023 का एक मामला दर्ज है।

