धनबाद : कोयला नगरी के बाघमारा क्षेत्र में एक बार फिर बुधवार देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहशत फैल गई। कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद स्थित कैलूडीह मैदान में दो गुटों के बीच जमकर गोलीबारी हुई। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना बीती रात लगभग एक बजे की है।
इसे भी पढ़ें : “फर्जीवाड़ा का हेड मास्टर हैं बाबूलाल, तकनीकी प्रक्रियाओं को घोटाला बताकर लोगों को कर रहे गुमराह” : इरफान अंसारी
बताया जा रहा है कि कोयले के अवैध कारोबार में वर्चस्व को लेकर दोनों गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों ओर से अंधाधुंध फायरिंग शुरू हो गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस गोलीबारी में छाताबाद निवासी तौसिर्फ गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे दुर्गापुर रेफर कर दिया गया। वहीं, घायल नीतीश कुमार और एक अन्य व्यक्ति का इलाज कतरास के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है। बताया जा रहा है कि फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।



