झारखंड: इस बार दुर्गा पूजा के दौरान अंधेरे की कोई गुंजाइश नहीं रहने वाली है. राज्य के बिजली विभाग ने साफ कर दिया है कि पूजा के दिनों में लगातार बिजली सप्लाई बनी रहेगी. इसी को लेकर JBVNL के सीएमडी के श्रीनिवासन ने शनिवार को सभी बड़े अधिकारियों के साथ बैठक की और जरूरी निर्देश दिए. बैठक में साफ कहा गया कि पूजा पंडालों में बिजली से जुड़ी कोई समस्या नहीं होनी चाहिए. जहां जरूरत हो, वहां तुरंत ट्रांसफार्मर बदले जाएंगे. अगर लोड ज्यादा है तो उसकी तैयारी पहले ही कर ली जाएगी.
Highlights:
अधिकारियों को कहा गया है कि अभी से हर छोटी चीज पर ध्यान दें ताकि बाद में कोई परेशानी न हो. झारखंड के बड़े शहर जैसे रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो और हजारीबाग में हर साल लाखों लोग पूजा देखने निकलते हैं. ऐसे में रोशनी और बिजली सबसे अहम होती है. इसी को देखते हुए इस बार खास तैयारी की गई है.
इसे भी पढ़े: Jharkhand Weather: गरज-चमक, बिजली और तेज हवा का असर, कई जिलों में येलो अलर्ट
पूजा समितियों के साथ सीधा संपर्क
एक बड़ा फैसला यह भी लिया गया कि हर जिले में पूजा समितियों और बिजली विभाग के बीच व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा. इससे किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत मिल सकेगी और उसका समाधान भी जल्दी होगा. इसके साथ ही हर जिले में कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा. लोगों की सुविधा के लिए इंजीनियरों और अधिकारियों के फोन नंबर भी सार्वजनिक किए जाएंगे. ताकि जरूरत पड़ने पर सीधे संपर्क किया जा सके.
पंचमी से महानवमी तक खास इंतजाम
पंचमी से लेकर महानवमी तक हर पूजा पंडाल में एक बिजली कर्मचारी मौजूद रहेगा. इसके अलावा बिजली तारों को सुरक्षित दूरी पर लगाने का भी निर्देश दिया गया है. सबस्टेशन और ट्रांसफार्मर की जांच की जाएगी और जरूरत पड़ने पर मरम्मत या ऑयलिंग भी की जाएगी. 33 और 11 केवी फीडर की लगातार निगरानी होगी ताकि कहीं भी फॉल्ट होने पर तुरंत ठीक किया जा सके.
त्योहार में रोशनी बनी रहे
दुर्गा पूजा झारखंड का सबसे बड़ा त्योहार माना जाता है. इस दौरान लाखों लोग घरों से निकलकर पंडालों में जाते हैं. ऐसे में बिजली की एक छोटी सी समस्या भी लोगों के अनुभव को खराब कर सकती है. इसी वजह से इस बार विभाग पहले से ही पूरी तैयारी में जुट गया है. अधिकारियों का कहना है कि पूजा शुरू होने से पहले हर जरूरी काम पूरा कर लिया जाएगा. इस बार कोशिश यही है कि जब लोग मां दुर्गा के दर्शन करने निकलें, तो हर जगह सिर्फ रोशनी ही नजर आए, कोई परेशानी नहीं.


