मनोरंजन डेस्क: अगर इस वीकेंड घर से बाहर जाने का मन नहीं है और घर बैठे कुछ नया देखने का प्लान बना रहे हैं, तो 11 सितंबर की तारीख नोट कर लीजिए। इस शुक्रवार OTT पर कई नई फिल्में और सीरीज रिलीज होने वाली हैं। इस बार लिस्ट में क्राइम, कॉमेडी, हॉरर और इतिहास से जुड़ी कहानियां देखने को मिलेंगी। कहीं अरशद वारसी एक खतरनाक डकैत के किरदार में नजर आएंगे, तो कहीं रोहित सराफ आजादी की लड़ाई से जुड़ी कहानी का हिस्सा बनेंगे।
Highlights:
घमासान
फिल्म ‘घमासान’ (Ghamasaan) मध्य भारत के बीहड़ों की पृष्ठभूमि पर आधारित एक क्राइम-थ्रिलर कहानी है, जो 11 सितंबर 2026 को ZEE5 पर रिलीज होने वाली है। इसमें अरशद वारसी एक खतरनाक डकैत महाराज के किरदार में नजर आने वाले है। इस फिल्म को तिग्मांशु धूलिया के निर्देशक में बनाया गया है।
प्रिंस ऑफ मोलिवुड
‘प्रिंस ऑफ मोलिवुड’ एक मलयालम कॉमेडी फिल्म है और इसकी कहानी फिरोज नाम के एक लड़के की है, जिसका सपना फिल्म इंडस्ट्री में अपना नाम बनाना है। लेकिन उसके पिता को बेटे का फिल्मों में जाने का फैसला पसंद नहीं आता है। खास बात यह है कि फिरोज के पिता काफी अमीर हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा की फिरोज अपने पिता की बात मानता है या अपने सपने को चुनता है।
द रिवोल्यूशनरीज
निखिल आडवाणी की ऐतिहासिक वेब सीरीज ‘द रिवोल्यूशनरीज’ (The Revolutionaries) ब्रिटिश शासन के खिलाफ लड़ने वाले युवा भारतीय क्रांतिकारियों के साहस और बलिदान की कहानी को दर्शाती है। इस सीरीज में भुवन बाम, रोहित सराफ, प्रतिभा रांटा और गुरफतेह पीरजादा मुख्य किरदार में नजर आने वाले है। और यह 11 सितंबर को अमेज़न प्राइम वीडियो पर रिलीज होने वाली है।
गो टीम
‘गो टीम’ (Go Team!) एक स्पैनिश डार्क कॉमेडी फिल्म है, जिसकी कहानी कॉर्पोरेट राजनीति, दफ्तर के ड्रामे और कर्मचारियों के आपसी संघर्ष पर आधारित है। फिल्म की कहानी ‘टियो मोचालेस’ नाम की एक स्पैनिश चीज (पनीर) कंपनी के इर्द-गिर्द घूमती है। यह कंपनी कभी अपने बिजनेस की बेताज बादशाह हुआ करती थी, लेकिन वर्तमान में यह गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रही है और बंद होने की कगार पर है। यह फिल्म 11 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।
स्टोलन हार्टबीट्स
‘स्टोलन हार्टबीट्स’ एक रोमांचक सुपरनैचुरल थ्रिलर सीरीज है, जिसकी कहानी अनाबेल और राफेल के इर्द-गिर्द घूमती है। एक खतरनाक हमले के बाद अनाबेल कोमा में चली जाती है और उसकी हालत काफी गंभीर हो जाती है। जिसके बाद राफेल उसकी मदद करने की कोशिश करता है। राफेल एक नर्स है, लेकिन उसके पास एक खास ताकत है कि वह मर चुके लोगों की आवाज सुन सकता है और उनसे बात कर सकता है। इसी ताकत की मदद से वह अनाबेल के साथ हुए हमले की सच्चाई पता करने की कोशिश करता है। इस दौरान उसे कई ऐसे राज पता चलते हैं, जो पूरी कहानी को बदल देते हैं।
अली बाबा और चालीस भूत
अली बाबा और चालीस भूत की कहानी Alisha Nigam की है, जो science पर भरोसा करती है और भूत-प्रेत जैसी चीजों को नहीं मानती। लेकिन उसके पिता के गायब होने के बाद वह एक रहस्यमयी दुनिया में पहुंचती है, जहां 40 भूतों और एक छिपे हुए खजाने का राज सामने आता है। कहानी में ये 40 भूत आम चोर नहीं, बल्कि 40 सैनिकों की आत्माएं हैं, जिन्हें उनके भ्रष्ट नेता ने धोखा देकर मरवा दिया था। अब ये आत्माएं खजाने की रखवाली करती हैं। इस सीरीज में आशा नेगी और विशाल वशिष्ठ मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। यह सीरीज 11 सितंबर को जिओ हॉटस्टार पर रिलीज किया जाएगा।


