न्यूज डेस्क: वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री हवाई अड्डे पर रविवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एयर इंडिया की फ्लाइट से मुंबई जा रहे आजमगढ़ निवासी एक व्यक्ति की पिस्टल से अचानक गोली चल गई. इस घटना में गोली फर्श से टकराने के बाद पास में मौजूद एक युवक के हाथ और एक महिला की जांघ में जा लगी. दोनों एयरपोर्ट कर्मी बताए जा रहे हैं. आननफानन में घायलों को इलाज के लिए नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
इसे भी पढ़ें : JPSC-JSSC परीक्षा धांधली मामले में छात्रों के आंदोलन में सीएम हेमंत सोरेन को जान से मारने की मिली धमकी, आरोपी गिरफ्तार
मिली जानकारी के अनुसार, सुरक्षा जांच के दौरान उक्त यात्री ने पहले ही अपने पास पिस्टल और मैगजीन होने की जानकारी अधिकारियों को घोषित कर दी थी. इस संबंध में वाराणसी एयरपोर्ट के निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि हथियार और उसके पेपर की जांच की जा रही थी, तभी गोली चल गई. इस दौरान हथियार के मालिक और स्टाफ दोनों मौजूद थे. घटना के बाद मामले की जांच की जा रही है कि आखिर गोली किन परिस्थितियों में चली और गिरने के समय पिस्टल लॉक से अनलॉक कैसे हुआ.

