रांची: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने नामकुम स्थित दीपशिखा संस्था के नवनिर्मित सूचना केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्था की विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया तथा बच्चों से मिलकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने संस्था की टीम को बधाई देते हुए दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
इसे भी पढ़ें : धनबाद बारामुड़ी खटाल में 155 लोगो को नोटिस, 2 नवंबर तक देना होगा जवाब; अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं
राज्यपाल ने कहा कि दिव्यांगजनों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। उचित अवसर एवं अनुकूल वातावरण मिलने पर वे विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कर सकते हैं और कर भी रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य, खेलकूद, रोजगार एवं सामाजिक भागीदारी के समान अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान दे सकें।
राज्यपाल ने कहा कि दिव्यांगजनों को सम्मान, समान अवसर और आत्मनिर्भरता प्रदान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सरकार, प्रशासन, सामाजिक संस्थाओं एवं नागरिकों को मिलकर प्रयास करना चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने दीपशिखा संस्था के लिए अपने विवेकाधीन अनुदान मद से एक लाख रुपये देने की घोषणा की।

