डेस्क : स्विट्ज़रलैंड ने अपने हवाई क्षेत्र से अमेरिकी सेना के गुज़रने के दो अनुरोधों को ख़ारिज कर दिया है. स्विस सरकार ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी है. स्विट्ज़रलैंड ने ये फ़ैसला ईरान युद्ध को लेकर किया है. स्विस सरकार ने अपने फ़ैसले के पीछे देश के ‘निष्पक्षता क़ानून’ का हवाला दिया है.
Highlights:
बयान में कहा गया है कि यह क़ानून “संघर्ष में शामिल पक्षों को ओवरफ़्लाइट्स (हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल) की अनुमति देने से रोकता है जो उस संघर्ष से जुड़े सैन्य उद्देश्य को पूरा करते हों”. हालांकि स्विस सरकार ने यह भी कहा कि उसने तीन अन्य उड़ानों को अनुमति दी थी. इनमें एक उड़ान रखरखाव के लिए थी और दो परिवहन से जुड़ी थीं.
अमेरिका ने अपने नागरिकों से कहा
ईरान की ओर से मध्य-पूर्व में अमेरिकी ठिकानों पर हमले किए जाने के बाद अमेरिका ने अपने नागरिकों से क्षेत्र के 14 देशों को छोड़ने की अपील की है. इससे पहले बग़दाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर मिसाइल गिरने की घटना के बाद शनिवार को अमेरिका ने अपने नागरिकों को इराक़ छोड़ने को कहा था. चेतावनी में अमेरिकी दूतावास ने कहा कि नागरिक “तुरंत इराक छोड़ दें”.
दूतावास ने लिखा, “जो अमेरिकी नागरिक इराक़ में रहने का फ़ैसला कर रहे हैं, उन्हें ईरान समर्थित आतंकवादी मिलिशिया समूहों से पैदा हो रहे गंभीर ख़तरे को देखते हुए अपने फ़ैसले पर दोबारा विचार करने को कहा जाता है.” समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक.अमेरिका ने शनिवार को कहा कि उसने ओमान से नॉन-इमरजेंसी सरकारी कर्मचारियों और सरकारी कर्मचारियों के परिजनों को निकलने का आदेश दिया है.


