ईरान : ईरान को लेकर अमेरिका और तेहरान के बीच तनाव तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कड़े रुख के बीच अमेरिकी प्रशासन ने ईरान में मौजूद अपने नागरिकों के लिए बड़ा और सख्त कदम उठाया है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने सोमवार, 12 जनवरी 2026 को एक आपातकालीन सुरक्षा अलर्ट जारी किया। इसमें सभी अमेरिकी नागरिकों को तुरंत ईरान छोड़ने का निर्देश दिया गया है। यह चेतावनी ईरान में पिछले दो हफ्तों से चल रहे भीषण विरोध प्रदर्शनों और सुरक्षा बलों की कड़ी कार्रवाई के बाद जारी की गई है।
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, इन प्रदर्शनों के दौरान अब तक 500 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि हजारों लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हालात को देखते हुए अमेरिका ने कहा है कि ईरान में अमेरिकी नागरिकों, खासकर दोहरी नागरिकता रखने वालों को मनमानी गिरफ्तारी, लंबी पूछताछ और प्रताड़ना का गंभीर खतरा है। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि ईरानी सरकार ने पूरे देश में इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क बंद कर दिया है। इससे आम लोगों के साथ-साथ विदेशी नागरिकों का भी बाहरी दुनिया से संपर्क लगभग पूरी तरह टूट गया है।
तनाव के बीच कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस ने 16 जनवरी तक ईरान आने-जाने वाली अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं। ऐसे में अमेरिका ने अपने नागरिकों को सलाह दी है कि यदि हवाई मार्ग से निकलना संभव न हो, तो वे सड़क मार्ग के जरिए पड़ोसी देशों की ओर जाएं। खास तौर पर आर्मेनिया और तुर्किये के रास्ते ईरान छोड़ने की सलाह दी गई है। अमेरिकी सरकार ने साफ किया है कि मौजूदा हालात तेजी से बिगड़ सकते हैं और किसी भी आपात स्थिति में कूटनीतिक मदद सीमित हो सकती है। ऐसे में नागरिकों से कहा गया है कि वे जोखिम न लें और जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान पर पहुंचें। ईरान में जारी विरोध, संचार बंदी और अमेरिका की सख्त चेतावनी ने संकेत दे दिए हैं कि आने वाले दिनों में हालात और ज्यादा तनावपूर्ण हो सकते हैं।


