हजारीबाग : जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत डेली मार्केट के समीप शनिवार सुबह लगभग 11:30 बजे दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने ज्वेलरी शोरूम में लूट की घटना को अंजाम देते हुए ज्वेलरी दुकानदार प्रभु सोनी से करीब 22 से 25 लाख रुपये मूल्य के जेवरात लूट लिए। घटना के बाद मौके से अपराधी फरार होने में भी कामयाब रहे।
घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार एक ही बाइक पर मौजूद तीन नकाबपोश बदमाश दुकान पहुंचे और दहशत फैलाने के उद्देश्य से 4 से 5 राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस फायरिंग में सुधीर सोनी नामक व्यक्ति के हाथ में गोली लगी, वहीं बदमाश मौके से भागने में कामयाब रहे।
घटना के बाद आननफानन में घायल सुधीर सोनी को तत्काल बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने तत्काल उन्हें बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार घायल की स्थिति खतरे से बाहर है। इधर घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों के बारे में कोई सुराग हाथ लग सके। वहीं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है। दिनदहाड़े ज्वेलरी शोरूम में हुई लूट की इस घटना से क्षेत्र के व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।


