रांची: झारखंड में 21 मई यानी आज से भीषण गर्मी का अहसास हो रहा है. इस दौरान लोगों को तेज धूप से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग ने पलामू, गढ़वा और चतरा के तापमान में 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है. वहीं धनबाद, बोकारो, देवघर और गिरिडीह में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
Highlights:
राजधानी में गर्मी का कहर शुरु
गर्मी का असर रांची और खूंटी में साफ देखने को मिल रहा है, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. वहीं इसके अलावा पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. लगातार बढ़ रही इस गर्मी और तेज धूप से आमजन को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है. मौसम विभाग ने साफ तरीके से लोगों को सावधानी बरतने, अधिक पानी पीने और तेज धूप से बचने की सलाह दी है.
इसे भी पढ़े: पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों के बाद अब किराया बढ़ाने की तैयारी, दिल्ली-एनसीआर में ट्रक-टैक्सी यूनियन की हड़ताल
कई जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी
हालांकि कई राज्यों में मौसम थोड़ा राहत भरा हो सकता है. विभाग के अनुसार, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में आज बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा. वहीं चतरा, कोडरमा, रांची, बोकारो, धनबाद और जमशेदपुर में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने का संभावना है. शुक्रवार से ही मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे थे. वहीं गढ़वा और पलामू को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है.
22-26 मई तक मौसम में बदलाव
रांची, जमशेदपुर, धनबाद और दुमका समेत कई जिलों में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है. साथ ही बिजली और वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं. मौसम विभाग ने इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. बारिश के बावजूद हाल के दिनों में डालटनगंज सबसे गर्म था, जहां का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने 22-26 मई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में येलो अलर्ट जारी रखा है, क्योंकि आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज लगातार बदल सकता है.


